पालक-शिक्षक सम्मेलन में गूंजा बच्चों के सर्वांगीण विकास का संदेश।
प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी से लेकर सोशल मीडिया के दुष्परिणामों तक, कई अहम मुद्दों पर हुई चर्चा.

पालक-शिक्षक सम्मेलन में गूंजा बच्चों के सर्वांगीण विकास का संदेश
प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी से लेकर सोशल मीडिया के दुष्परिणामों तक, कई अहम मुद्दों पर हुई चर्चा

कोयलीबेड़ा – ब्लॉक मुख्यालय कोयलीबेड़ा स्थित शासकीय स्वामी आत्मानंद हिन्दी एवं अंग्रेजी माध्यम विद्यालय में शनिवार को मेगा पालक-शिक्षक सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्रों के सामाजिक, शारीरिक, मानसिक और सर्वांगीण विकास के लिए विद्यालय और पालकों के बीच मजबूत तालमेल स्थापित करना रहा।
सम्मेलन में इस बात पर जोर दिया गया कि घर और विद्यालय दोनों का वातावरण सकारात्मक हो, ताकि छात्र परीक्षा के तनाव और भय से मुक्त रहकर बेहतर प्रदर्शन कर सकें। शिक्षकों और पालकों के संयुक्त प्रयास से शिक्षा का माहौल तैयार करने की अपील भी की गई।
प्रतियोगी परीक्षाओं और प्रमाण पत्र संबंधी समस्याओं पर भी चर्चा
कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त करने के महत्वपूर्ण बिंदुओं से अवगत कराया गया। साथ ही आय, जाति और निवास प्रमाण पत्र बनाने में आने वाली समस्याओं और उनके समाधान पर विस्तारपूर्वक चर्चा हुई।
विद्यालय प्रबंधन ने आगामी शनिवार को आयोजित होने वाले “बैगलेस डे” की गतिविधियों के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी।
सोशल मीडिया के दुष्परिणामों से कराया अवगत
सम्मेलन में छात्रों को सोशल मीडिया के गलत उपयोग के दुष्परिणामों से सचेत किया गया और इसके जिम्मेदाराना उपयोग के लिए प्रेरित किया गया। शिक्षकों ने बताया कि अत्यधिक समय सोशल मीडिया पर बिताने से पढ़ाई और मानसिक स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।
निरीक्षण और संवाद से बढ़ा मनोबल
पालक-शिक्षक सम्मेलन से पहले जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष, जनप्रतिनिधियों और पालकों ने विद्यालय एवं कक्षाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने बच्चों से सीधा संवाद किया, पढ़ाई की स्थिति जानी और उन्हें मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों द्वारा कई घोषणाएं भी की गईं, जिससे छात्रों का मनोबल बढ़ा।
शपथ ग्रहण समारोह भी आयोजित
सम्मेलन के समापन से पूर्व चयनित शाला नायक, शाला नायिका, छात्र परिषद के सदस्यों और अन्य प्रभारी छात्र-छात्राओं का शपथ ग्रहण समारोह सम्पन्न हुआ।
अधिकारी और जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में सम्पन्न हुआ कार्यक्रम
इस अवसर पर प्राचार्य जी.आर. गढ़िया, आर.आर. हिड़को, जनभागीदारी समिति अध्यक्ष नारद कौशल, सरपंच जागेश्वर पुजारी, जनपद सदस्य विनोद उसेंडी, सरपंच हेमा हुपेंडी, उपसरपंच अजय साहू, श्रीमति रीना बघेल, पूर्व सरपंच बसंत ध्रुव, मुकेश सहारे, पवन वड्डे सहित बड़ी संख्या में पालकगण मौजूद रहे।



