छत्तीसगढ़छत्तीसगढ़/मध्यप्रदेशदेशराजनीतिशिक्षा

स्मार्ट मीटर और रावघाट परियोजना की मांगों को लेकर कांग्रेस ने निकाली पदयात्रा, स्थानीय युवाओं को रोजगार देने की उठी आवाज

स्मार्ट मीटर और रावघाट परियोजना की मांगों को लेकर कांग्रेस ने निकाली पदयात्रा, स्थानीय युवाओं को रोजगार देने की उठी आवाज

अंतागढ़। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अंतागढ़ के तत्वावधान में स्मार्ट मीटर, रावघाट परियोजना से जुड़ी समस्याओं और क्षेत्र के विकास से संबंधित विभिन्न जनहित मांगों को लेकर पदयात्रा निकाली गई। पदयात्रा के माध्यम से कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने स्थानीय लोगों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए शासन-प्रशासन से मांगों के शीघ्र निराकरण की मांग की।

कांग्रेस ने रावघाट परियोजना में अंतागढ़ एवं कोयलीबेड़ा क्षेत्र के स्थानीय लोगों को प्राथमिकता देने की मांग की। पदयात्रा के दौरान कहा गया कि परियोजना के लिए क्षेत्र के किसानों की जमीन का अधिग्रहण किया गया और प्रभावित परिवारों को मुआवजा दिया गया, लेकिन जमीन अधिग्रहण के समय स्थानीय लोगों को रोजगार देने का जो वादा किया गया था, वह अभी भी पूरी तरह धरातल पर नहीं उतर पाया है। कांग्रेस ने बड़ी संख्या में स्थानीय बेरोजगार युवाओं को प्राथमिकता के आधार पर रोजगार उपलब्ध कराने की मांग की।

पदयात्रा के दौरान अंतागढ़ एवं कोयलीबेड़ा क्षेत्र को माइंस प्रभावित क्षेत्र में शामिल करने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई। कांग्रेस का कहना है कि खनन परियोजनाओं से प्रभावित क्षेत्र के लोगों को विकास एवं रोजगार के अवसरों में उचित भागीदारी मिलनी चाहिए। साथ ही स्थानीय बेरोजगार युवाओं को रावघाट परियोजना की जरूरतों के अनुरूप प्रशिक्षण देकर स्थायी रोजगार उपलब्ध कराने की मांग की गई।

स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर भी कांग्रेस ने क्षेत्र में सर्वसुविधायुक्त अस्पताल स्थापित करने की मांग रखी। वहीं कोलर में भी सर्वसुविधायुक्त अस्पताल एवं दयानंद एंग्लो वैदिक (DAV) स्कूल शुरू करने की मांग की गई। अंतागढ़ में BSP द्वारा संचालित DAV स्कूल की तर्ज पर ताड़ोकी और कोयलीबेड़ा में भी DAV स्कूल संचालित किए जाने की मांग कांग्रेस ने की, ताकि क्षेत्र के बच्चों को बेहतर शिक्षा के अवसर मिल सकें।

सड़क एवं आवागमन से जुड़ी समस्याओं को लेकर अंतागढ़-नारायणपुर मार्ग को व्यवस्थित एवं सुगम बनाने की मांग की गई। इसके साथ ही अंतागढ़ से मेटाबोदेली (चारगांव) तक सड़क के चौड़ीकरण का कार्य जल्द से जल्द शुरू कराने की मांग भी रखी गई। कांग्रेस ने कहा कि क्षेत्र में सड़क सुविधाओं के बेहतर होने से ग्रामीणों, किसानों, विद्यार्थियों और आम लोगों को आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी।

पदयात्रा में स्मार्ट मीटर को लेकर भी कांग्रेस ने सरकार के खिलाफ आवाज उठाई। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद बिजली बिल में अनियमित एवं अत्यधिक बढ़ोतरी की शिकायतें सामने आ रही हैं। इसे लेकर बिजली उपभोक्ताओं को राहत देने तथा स्मार्ट मीटर के कारण बढ़े बिलों की समस्या का तत्काल समाधान करने और स्मार्ट मीटर वापस लेने की मांग की गई।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि क्षेत्र के विकास में स्थानीय लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करना जरूरी है। रावघाट परियोजना सहित अन्य विकास कार्यों का लाभ सबसे पहले स्थानीय ग्रामीणों और बेरोजगार युवाओं को मिलना चाहिए। पदयात्रा के माध्यम से कांग्रेस ने शासन-प्रशासन से जनहित से जुड़ी इन मांगों पर गंभीरता से विचार कर जल्द आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button