मोरखण्डी के जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में नक्सल डम्प बरामद, हथियार समेत भारी मात्रा में सामग्री जब्त.

मोरखण्डी के जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में नक्सल डम्प बरामद, हथियार समेत भारी मात्रा में सामग्री जब्त

कांकेर। जिले में नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत सुरक्षा बलों को एक और महत्वपूर्ण सफलता मिली है। थाना छोटेबेठिया क्षेत्र के ग्राम मोरखण्डी के जंगल-पहाड़ी इलाके में सर्चिंग अभियान के दौरान जिला बल, बीएसएफ और बीडीएस टीम की संयुक्त कार्रवाई में नक्सल डम्प बरामद किया गया है। डम्प से भारमार बंदूक सहित वायरलेस सेट, जीपीएस, सोलर प्लेट, बिजली वायर, चार्जर और नक्सल साहित्य समेत अन्य सामग्री बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में जिले के संवेदनशील और सीमावर्ती क्षेत्रों में नक्सल उन्मूलन अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 24 अगस्त 2026 को थाना छोटेबेठिया के ग्राम मोरखण्डी के जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में संयुक्त सुरक्षा बलों द्वारा सघन सर्चिंग अभियान संचालित किया गया। सर्चिंग के दौरान सुरक्षा बलों को नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए डम्प का पता चला, जिसकी तलाशी लेने पर हथियार और अन्य नक्सल सामग्री बरामद हुई।
बरामद सामग्री में चार भारमार बंदूक, तीन भारमार बंदूक के बैरल, एक वायरलेस सेट, बिजली वायर के तीन बंडल, एक जीपीएस, एक छोटी सोलर प्लेट, एक चार्जर, नक्सल साहित्य सहित अन्य सामग्री शामिल है। सुरक्षा बलों ने बरामद सामग्री को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
यह संयुक्त अभियान बस्तर रेंज पुलिस महानिरीक्षक बद्री नारायण मीणा के निर्देशन में तथा डीआईजी बीएसएफ भानुप्रतापपुर दीपक तिवारी, कांकेर पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा और 94वीं वाहिनी बीएसएफ बांदे के 2IC प्रभारी सेनानी सुभाष चंद्र के मार्गदर्शन में संचालित किया गया। अभियान में बीएसएफ 94वीं वाहिनी के इंस्पेक्टर हनुमान मीणा, उप निरीक्षक मोहित बंसल तथा बीएसएफ बीडीएस टीम के कमांडर उप निरीक्षक रोशन लाल मीणा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार कांकेर जिले के नक्सल प्रभावित एवं सीमावर्ती इलाकों में सुरक्षा बलों द्वारा अतिरिक्त सतर्कता बरतते हुए लगातार सर्चिंग अभियान चलाया जा रहा है। जंगल-पहाड़ी क्षेत्रों में नक्सल गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के साथ ही क्षेत्र में शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए संयुक्त अभियान आगे भी जारी रहेगा।



