गैजेट्सछत्तीसगढ़छत्तीसगढ़/मध्यप्रदेशटेक्नोलॉजी

कन्हारगांव के जंगल-पहाड़ी क्षेत्र से नक्सल डम्प बरामद, 40 डेटोनेटर सहित विस्फोटक सामग्री जब्त.

कन्हारगांव के जंगल-पहाड़ी क्षेत्र से नक्सल डम्प बरामद, 40 डेटोनेटर सहित विस्फोटक सामग्री जब्त

कांकेर। जिले में नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत सुरक्षा बलों को एक बार फिर महत्वपूर्ण सफलता मिली है। थाना बांदे क्षेत्र के ग्राम कन्हारगांव के जंगल-पहाड़ी इलाके में सर्चिंग अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने नक्सल डम्प बरामद किया है। डम्प से 40 डेटोनेटर सहित बारूद से भरे दो स्टील टिफिन और अन्य नक्सल सामग्री बरामद की गई है। बरामद विस्फोटक पदार्थों को सुरक्षा मानकों के अनुसार मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।

पुलिस के अनुसार 25 अगस्त 2026 को जिला बल, बीएसएफ और बीडीएस टीम द्वारा कन्हारगांव के जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में संयुक्त रूप से सर्चिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान सुरक्षा बलों को नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए डम्प का पता चला। तलाशी लेने पर डम्प से 40 डेटोनेटर, लगभग 10 लीटर क्षमता का एक स्टील टिफिन जिसमें बारूद भरा हुआ था तथा लगभग 5 लीटर क्षमता का एक अन्य स्टील टिफिन, जिसमें भी बारूद भरा हुआ था, बरामद किया गया। इसके अलावा अन्य नक्सल सामग्री भी सुरक्षा बलों के हाथ लगी।

यह संयुक्त कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक बस्तर रेंज बद्री नारायण मीणा, डीआईजी बीएसएफ भानुप्रतापपुर दीपक तिवारी, कांकेर पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा तथा 94वीं वाहिनी बीएसएफ बांदे के 2IC एवं प्रभारी सेनानी सुभाष चंद्र के मार्गदर्शन में संचालित नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत की गई। अभियान में बीएसएफ 94वीं वाहिनी के इंस्पेक्टर विपिन कुमार और अविनाश कुमार तथा बीएसएफ बीडीएस टीम के कमांडर उप निरीक्षक रोशन लाल मीणा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार जिले के संवेदनशील एवं सीमावर्ती क्षेत्रों में नक्सल गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए जिला बल, बीएसएफ और अन्य सुरक्षा एजेंसियों के बीच समन्वय के साथ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। कन्हारगांव क्षेत्र से विस्फोटक सामग्री की बरामदगी को इसी अभियान की महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। सुरक्षा बलों द्वारा क्षेत्र में शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से सघन सर्चिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रखने की बात कही गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button