राम दरबार सिक्का बेचकर लाखों कमाने का झांसा, 30 हजार की ठगी करने वाले 4 आरोपी गिरफ्तार.

राम दरबार सिक्का बेचकर लाखों कमाने का झांसा, 30 हजार की ठगी करने वाले 4 आरोपी गिरफ्तार

कांकेर, 30 मई 2026। उत्तर बस्तर कांकेर पुलिस ने राम दरबार अंकित विशेष सिक्के को विदेश में ऊंचे दामों पर बेचकर भारी मुनाफा दिलाने का झांसा देकर 30 हजार रुपये की ठगी करने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से फर्जी दस्तावेज, रक्षा मंत्रालय का नकली पहचान पत्र, मोबाइल, लैपटॉप, वाहन तथा अन्य सामग्री जब्त की गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम कामतेड़ा निवासी राजुराम कुमेटी ने 28 मई को सिटी कोतवाली कांकेर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि एक व्यक्ति ने मोबाइल फोन पर संपर्क कर अपना नाम अविनाश तिवारी बताया और उसे कृषि विज्ञान केंद्र सिगारभाट के पास बुलाया। आरोपी ने राम, सीता और लक्ष्मण अंकित विशेष सिक्के को विदेश में बेचकर बड़ी रकम कमाने तथा लाभ की राशि बांटने का प्रलोभन दिया। झांसे में आकर प्रार्थी ने आरोपियों को 30 हजार रुपये दे दिए, जिसके बाद उसके साथ धोखाधड़ी की गई।
मामले में सिटी कोतवाली कांकेर पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों और मोबाइल नंबरों के आधार पर पुलिस ने संदिग्धों की तलाश की। ग्राम बाबूसाल्हेटोला क्षेत्र में घेराबंदी कर पुलिस ने मुख्य आरोपी सोहन साहू उर्फ अविनाश तिवारी सहित तीन अन्य आरोपियों को हिरासत में लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने धोखाधड़ी की घटना स्वीकार कर ली। पुलिस ने उनके कब्जे से मोबाइल फोन, लैपटॉप, फर्जी आधार कार्ड, रक्षा मंत्रालय (Ministry of Defence) का फर्जी परिचय पत्र, एश्वर्या कदम के नाम से तैयार जाली दस्तावेज, बैंक चेक, राम दरबार एवं बजरंगबली अंकित सिक्के, तीन छोटी पेटियां, एक कार और एक मोटरसाइकिल जब्त की है।
गिरफ्तार आरोपी
- सोहन साहू उर्फ अविनाश तिवारी (47 वर्ष), निवासी मैनपुर, जिला गरियाबंद
- गन्नु राम नेताम (51 वर्ष), निवासी मैनपुर, जिला गरियाबंद
- तामेश्वर सिंह नाग (54 वर्ष), निवासी कोदाभाट, थाना कांकेर
- जितेन्द्र शार्दुल (27 वर्ष), निवासी बांसकोट, जिला कोंडागांव
पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
कांकेर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि चावल खींचने वाले सिक्के, दुर्लभ सिक्कों की खरीद-फरोख्त, सोना दोगुना करने या अत्यधिक मुनाफे का लालच देने वाले लोगों के झांसे में न आएं तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।



