आलपरस-गुमचुर के जंगल में नक्सल डम्प का खुलासा, भारी मात्रा में गोला-बारूद व विस्फोटक सामग्री बरामद.

आलपरस-गुमचुर के जंगल में नक्सल डम्प का खुलासा, भारी मात्रा में गोला-बारूद व विस्फोटक सामग्री बरामद

कोयलीबेड़ा। उत्तर बस्तर कांकेर जिले के कोयलीबेड़ा थाना क्षेत्र में सुरक्षा बलों को नक्सल विरोधी अभियान के दौरान बड़ी सफलता मिली है। कांकेर-नारायणपुर सीमा पर स्थित ग्राम आलपरस और गुमचुर के मध्य जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में संचालित संयुक्त सर्चिंग अभियान के दौरान नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखा गया डम्प बरामद किया गया। डम्प से बड़ी मात्रा में गोला-बारूद, बीजीएल सेल, डेटोनेटर, कॉर्डेक्स वायर, दवाइयां तथा अन्य नक्सली सामग्री जब्त की गई। सुरक्षा की दृष्टि से विस्फोटक सामग्री को मौके पर ही बीडीएस टीम ने सुरक्षित तरीके से डिफ्यूज कर नष्ट कर दिया।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार पुलिस महानिरीक्षक बस्तर रेंज बद्री नारायण मीणा, डीआईजी बीएसएफ भानुप्रतापपुर दीपक तिवारी, पुलिस अधीक्षक कांकेर निखिल राखेचा तथा 40वीं वाहिनी बीएसएफ के सेनानी रणधीर सिंह गिल के निर्देशन में जिले के संवेदनशील और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में लगातार संयुक्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत डीआरजी, बीएसएफ और बीडीएस की संयुक्त टीम ने 20 जुलाई को आलपरस-गुमचुर के बीच जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में सर्चिंग के दौरान नक्सल डम्प का पता लगाया।
बरामद सामग्री में 42 इंसास राउंड, 48 राउंड .303 रायफल के, 23 एसएलआर राउंड, 34 राउंड 8 एमएम, 8 नग .315 ब्लैंक राउंड, 8 बीजीएल सेल, 10 डेटोनेटर, 10 मीटर कॉर्डेक्स वायर, 4 मीटर कॉम्बैट कपड़ा, 10 किलोग्राम और 5 किलोग्राम क्षमता के दो स्टील के डिब्बे, दवाइयां तथा अन्य नक्सली उपयोग की सामग्री शामिल है। मौके पर मिले बीजीएल सेल, डेटोनेटर और कॉर्डेक्स वायर को किसी भी संभावित खतरे से बचने के लिए बीडीएस टीम ने वहीं डिफ्यूज कर नष्ट कर दिया।
इस संयुक्त अभियान में बीएसएफ के सहायक कमांडेंट अंकुश कुमार, उप निरीक्षक महेंद्र सिंह, उप निरीक्षक रजत जेफ, उप निरीक्षक रोशन लाल मीणा तथा डीआरजी के सहायक उप निरीक्षक एवं टीम कमांडर चंद्रशेखर ठाकुर सहित सुरक्षा बल के जवान शामिल रहे।
पुलिस का कहना है कि कांकेर-नारायणपुर सीमावर्ती नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा बलों का संयुक्त अभियान लगातार जारी रहेगा। ऐसे अभियानों के माध्यम से नक्सलियों के हथियार, विस्फोटक और रसद तंत्र को कमजोर करने के साथ क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने का काम किया जा रहा है।



