खनिज न्यास योजना के तहत किसानों को वितरित किए गए उड़ावनी पंखे, कृषि कार्यों को मिलेगी नई गति।

खनिज न्यास योजना के तहत किसानों को वितरित किए गए उड़ावनी पंखे, कृषि कार्यों को मिलेगी नई गति

कोयलीबेड़ा। जिला खनिज न्यास (डीएमएफ) योजना के अंतर्गत कोयलीबेड़ा में किसानों को कृषि कार्यों में सहूलियत प्रदान करने के उद्देश्य से उड़ावनी पंखों का वितरण किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में आसपास के गांवों के किसान शामिल हुए। किसानों को जैसे ही उड़ावनी पंखे मिले, उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपकरण धान की उड़ावनी एवं सफाई जैसे कार्यों को आसान बनाएगा। इससे समय और श्रम दोनों की बचत होगी तथा कृषि कार्य पहले की तुलना में अधिक सुविधाजनक ढंग से किए जा सकेंगे।
कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों एवं कृषि विभाग के अधिकारियों ने किसानों से संवाद करते हुए शासन की विभिन्न कृषि हितैषी योजनाओं की जानकारी भी दी। किसानों को बताया गया कि आधुनिक कृषि उपकरणों का उपयोग कर खेती को अधिक लाभकारी बनाया जा सकता है। साथ ही विभाग द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ लेकर किसान अपनी उत्पादन क्षमता में वृद्धि कर सकते हैं।
जिला पंचायत सदस्य कामनी उसेंडी ने कहा कि राज्य सरकार किसानों को आत्मनिर्भर बनाने और खेती को आधुनिक स्वरूप देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। जिला खनिज न्यास योजना के माध्यम से किसानों को उपयोगी कृषि उपकरण उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिससे उनकी मेहनत कम होगी और खेती के कार्य अधिक सुगमता से पूरे होंगे। उन्होंने किसानों से शासन की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने तथा आधुनिक तकनीकों को अपनाने की अपील की।
वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी एन.आर. नेताम ने बताया कि उड़ावनी पंखा धान उत्पादक किसानों के लिए अत्यंत उपयोगी उपकरण है। इससे धान की सफाई एवं उड़ावनी का कार्य कम समय में बेहतर गुणवत्ता के साथ किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि कृषि विभाग किसानों को केवल उपकरण ही उपलब्ध नहीं करा रहा है, बल्कि समय-समय पर प्रशिक्षण, तकनीकी मार्गदर्शन और विभिन्न योजनाओं का लाभ भी उपलब्ध कराया जा रहा है ताकि किसानों की आय में वृद्धि हो और खेती अधिक लाभकारी बन सके।
कार्यक्रम में जनपद सदस्य हरीशचंद्र देहारी, सरपंच दिनेश आचले, खेमराज उसेंडी एवं लच्छू राम गावड़े की भी उपस्थिति रही। कृषि विभाग की ओर से वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी एन.आर. नेताम, कृषि विकास अधिकारी यू.आर. यादव, अनिमेष गावड़े, ग्रामीण कृषि विकास अधिकारी श्रवण खरंशु, शिशिर विश्वास, दीपांकर मिस्त्री तथा कार्यालय सहायक जितेंद्र साहू उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में किसानों ने जिला प्रशासन एवं कृषि विभाग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के कृषि उपकरण ग्रामीण क्षेत्रों के किसानों के लिए बेहद उपयोगी हैं और इससे खेती के कार्यों में निश्चित रूप से सुविधा मिलेगी।



