कांकेर कलेक्टर ने सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम हेतु प्रभावी कदम उठाने पर दिया जोर
कलेक्टर की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक हुई।

उत्तर बस्तर कांकेर, कलेक्टर श्री अभिजीत सिंह ने आज जिला कार्यालय के सक्षाकक्ष में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक लेकर सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के पालन के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने जिले में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाने के लिए कारगर उपाय करने की आवश्यकता पर जोर दिया। साथ ही ‘ड्रिंक एंड ड्राइव‘ के कारण भी सड़क दुर्घटनाएं बढ़ रही हैं, ऐसे लोगों की गंभीरता के साथ जांच करें। उन्होंने कहा कि जिले में नाबालिग वाहन चालकों की संख्या भी बढ़ी है, जो कि बड़ी समस्या है। उन पर नियमानुसार कार्यवाही के साथ ही उन्हें और उनके पालकों को समझाईश दें।
कलेक्टर ने यातायात जागरूकता के लिए विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में नियमित रूप से जागरूकता कार्यक्रमों में आम नागरिकों की अधिक से अधिक सहभागिता भी सुनिश्चित करने तथा इस आशय की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश जिला परिवहन अधिकारी को दिए। उन्होंने नंदनमारा पुल में भारी वाहनों का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित करने के लिए एनएचएआई के अधिकारी को आवश्यक व्यवस्था करने के निर्देश दिए। बैठक में उन्होंने नये ब्लैक स्पॉट की पहचान एवं सुधार कार्य, दुर्घटनाग्रस्त क्षेत्रों में घायलों की त्वरित सहायता के लिए बनाए गए सड़क सुरक्षा मित्र बनाने स्वयंसेवी नागरिकों के चिन्हांकन के लिए आवश्यक निर्देश दिए।
बैठक में इसके अलावा प्रमुख मार्गों पर निर्धारित गति सीमा से तेज वाहन चालन तथा शराब या मादक द्रव्य सेवन करने वालों पर रोकथाम, ओव्हरलोडिंग वाले वाहनों के विरूद्ध कार्यवाही करने, हेलमेट सीट बेल्ट धारण नहीं करने एवं वाहन चलाते समय मोबाईल फोन का इस्तेमाल करने वालों पर नियमानुसार कार्यवाही, नाबालिग बच्चों द्वारा वाहन चालन पर अंकुश, सड़क सुरक्षा के संबंध में कार्यशाला का आयोजन के साथ सड़क सुरक्षा संबंधी अन्य विषयों पर चर्चा हुई।



