छत्तीसगढ़

कलेक्टर ने सुपरवाइजर, बीएलओ में भरा जोश, कहा-मतदान प्रतिशत बढ़ाने में आप रियल हीरो पखांजूर में बैठक लेकर की मैदानी अमलों की सराहना।

कलेक्टर ने सुपरवाइजर, बीएलओ में भरा जोश, कहा-मतदान प्रतिशत बढ़ाने में आप रियल हीरो
पखांजूर में बैठक लेकर की मैदानी अमलों की सराहना

उत्तर बस्तर कांकेर – कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. प्रियंका शुक्ला ने जिले के अंतागढ़ विधानसभा क्षेत्र के प्रवास के दौरान पखांजूर ब्लॉक मुख्यालय के बीआरसी भवन में सुपरवाइजरों तथा बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) की बैठक ली, जिसमें उन्होंने इपिक कार्ड बनाने में सक्रिय सहभागिता निभाने वाले सभी बीएलओ की सराहना की। उन्होंने जोश भरते हुए कहा कि मैदानी स्तर पर काम करने वाले बीएलओ, जो प्रशासन की मंशानुरूप निर्वाचन में मतदाताओं का प्रतिशत बढ़ाने में महती भूमिका निभाते हैं और वास्तव में वही रियल हीरो हैं। कलेक्टर ने सभी बीएलओ को प्रोत्साहित करते हुए आगे कहा कि प्रारूप 6, 7 और 8 के माध्यम से वोटर्स लिस्ट में नए मतदाताओं के नाम जोड़ने, संशोधित और विलोपित करने की बड़ी जिम्मेदारी होती है और पखांजूर क्षेत्र के सभी बीएलओ बेहतर ढंग से इसका निर्वहन कर रहे हैं। कलेक्टर डॉ. शुक्ला ने कहा कि लोकतंत्र की खूबसूरती इसी में है कि चुनावों में आमजनता की अधिकाधिक सहभागिता हो। उन्होंने फॉर्म 6 और 8 का काम शीघ्र पूरा करने, हाउस टू हाउस रजिस्टर एप में सभी इंद्राज पूर्ण करने और बीएलओ रजिस्टर कंप्लीट करने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी बताया कि इस साल मतदाता सूची विशेष पुनरीक्षण कार्यक्रम शुरू होने के पहले अंतागढ़ विधानसभा क्षेत्र में मतदाताओं का इपिक कार्ड का अनुपात 63.22 प्रतिशत था, जो इस अभियान के बाद बढ़कर 67.36 प्रतिशत हो गया है, जिसका श्रेय आप सभी को जाता है। इसी तरह मतदाता सूची में वोटर्स का लिंगानुपात 962 था, जो अब बढ़कर 988 हो गया है जो अपने आप में बड़ी उपलब्धि है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने मौजूद बीएलओ और सेक्टर सुपरवाइजर को प्रेरित करते हुए कहा कि उनका काम तब तक अधूरा रहेगा, जब तक इसी मानिंद मतदान केंद्रों में मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करने अनिवार्य रूप से आएं। अतः मतदान केंद्रों में शत प्रतिशत मतदाताओं को लाने का भरसक प्रयास करें। इस पर सभी बीएलओ ने 90 प्रतिशत से अधिक मतदान कराने की बात कलेक्टर से कही। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ श्री सुमित अग्रवाल, एडीएम बी.एस. उईके, एसडीएम पखांजूर श्री के.एस. पैकरा, सीईओ जनपद पंचायत श्री राहुल रजक सहित तहसील एवं ब्लॉक स्तर के अधिकारी उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button