खेलछत्तीसगढ़छत्तीसगढ़/मध्यप्रदेशमनोरंजनलाइफस्टाइलशिक्षाहेल्थ

पंचायत स्तरीय क्रिकेट एवं वॉलीबॉल प्रतियोगिता का भव्य समापन, विजेता टीमों को मिले नकद पुरस्कार।

केसेकोड़ी पंचायत के बढ़पारा मे भव्य आयोजन..

पंचायत स्तरीय क्रिकेट एवं वॉलीबॉल प्रतियोगिता का भव्य समापन, विजेता टीमों को मिले नकद पुरस्कार।

कोयलीबेड़ा। ग्राम बढ़पारा (केसकोड़ी) में गणतंत्र दिवस के अवसर पर आयोजित पंचायत स्तरीय क्रिकेट एवं वॉलीबॉल प्रतियोगिता का सात दिनों तक चले रोमांचक मुकाबलों के बाद भव्य समापन हुआ। प्रतियोगिता में क्षेत्र की खेल प्रतिभा देखने को मिली, जहां क्रिकेट की 25 टीमों तथा वॉलीबॉल की 12 टीमों ने उत्साह और खेल भावना के साथ भाग लिया।
क्रिकेट प्रतियोगिता में मुरनार की टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया और उन्हें ट्रॉफी के साथ 25 हजार 1 रुपये की नगद राशि पुरस्कार स्वरूप प्रदान की गई। वहीं आयोजन समिति की बढ़पारा टीम ने द्वितीय स्थान हासिल करते हुए ट्रॉफी सहित 12 हजार 1 रुपये की नगद राशि प्राप्त की। इसी प्रकार वॉलीबॉल प्रतियोगिता में डांगरा की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त कर ट्रॉफी सहित 15 हजार 1 रुपये की नगद पुरस्कार राशि पर कब्जा जमाया, जबकि बढ़पारा की टीम उपविजेता रही, जिसे 7 हजार 1 रुपये की नगद राशि देकर सम्मानित किया गया।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि जनपद सदस्य श्रीमती सविता ध्रुव एवं ग्राम पंचायत केसकोड़ी की सरपंच श्रीमती फूलबती उसेंडी रहीं। अतिथियों ने विजेता व उपविजेता टीमों को पुरस्कार प्रदान करते हुए खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। अपने उद्बोधन में जनपद सदस्य सविता ध्रुव ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में ऐसे खेल आयोजनों से युवाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है और खेलों के माध्यम से अनुशासन, भाईचारा और टीम भावना विकसित होती है। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं को नशे और गलत रास्तों से दूर रखते हैं तथा स्वस्थ समाज के निर्माण में अहम भूमिका निभाते हैं।
वहीं सरपंच फूलबती उसेंडी ने अपने संबोधन में आयोजन समिति और ग्रामीणों की सराहना करते हुए कहा कि ग्राम पंचायत हमेशा खेल और युवाओं के हित में ऐसे आयोजनों को प्रोत्साहित करती रहेगी। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए भविष्य में जिला और राज्य स्तर पर गांव का नाम रोशन करने की कामना की।
इस अवसर पर पीलूराम उसेंडी, लच्छूराम गावड़े, क्षमा दुग्गा, बिदेश उसेंडी, रमेश नुरेटी,अमित नरेटी, बिरसिंह, रमेश,गांव के पटेल गायता सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण, खेल प्रेमी एवं युवा उपस्थित रहे। पूरे आयोजन के दौरान खेल भावना, उत्साह और ग्रामीण एकता का अद्भुत नजारा देखने को मिला, जिससे प्रतियोगिता का समापन यादगार बन गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button