दो दिवसीय संकुल स्तरीय खेल प्रतियोगिता का भव्य समापन मर्दा मे ।

दो दिवसीय संकुल स्तरीय खेल प्रतियोगिता का भव्य समापन।

कोयलीबेड़ा। संकुल केंद्र सुलंगी के मर्दा गांव में दो दिवसीय संकुल स्तरीय शारीरिक, बौद्धिक एवं सांस्कृतिक खेल प्रतियोगिता का भव्य समापन हुआ। दो दिनों तक चले इस उत्साहपूर्ण आयोजन में संकुल अंतर्गत आठ प्राथमिक एवं दो माध्यमिक शालाओं के कुल 314 बच्चों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में जनपद सदस्य सरोज उसेंडी उपस्थित रहीं, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता बदरंगी सरपंच सिताय शोरी ने की। विशेष अतिथि के रूप में सुलंगी के सरपंच दिनेश आचला भी मौजूद रहे। इस अवसर पर सहायक खंड शिक्षा अधिकारी अशोक टांडिया, क्रीड़ा समिति की अध्यक्ष देवबती कोड़ोपी, संकुल प्राचार्य और बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित थे।
समारोह में मुख्य अतिथि सरोज उसेंडी ने अपने उद्बोधन में कहा कि शिक्षा के साथ खेल भी बच्चों के जीवन का अत्यंत महत्वपूर्ण हिस्सा है। खेलों से अनुशासन, टीमवर्क और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है, इसलिए बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद में भी समान रूप से आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है और ऐसे आयोजन बच्चों को अपनी क्षमता दिखाने का सुनहरा अवसर प्रदान करते हैं।
अध्यक्षता कर रहीं सिताय शोरी ने कहा कि गांव के बच्चे भी किसी से कम नहीं हैं। जरुरत केवल अवसर और प्रोत्साहन की है। उन्होंने शिक्षकों और अभिभावकों से आग्रह किया कि वे बच्चों को पढ़ाई के साथ खेल, सांस्कृतिक और बौद्धिक गतिविधियों में भी भाग लेने के लिए प्रेरित करें, क्योंकि इनसे बच्चों के व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास होता है।
विशेष अतिथि दिनेश आचला ने कहा कि आज के दौर में खेल शिक्षा का अभिन्न हिस्सा बन चुके हैं। बच्चे मैदान में उतरकर जो अनुभव प्राप्त करते हैं, वह जीवन भर उनके साथ रहता है। उन्होंने कहा कि खेल-कूद से बच्चों में ऊर्जा, आत्मविश्वास और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है, जो उनके भविष्य के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।
सहायक खंड शिक्षा अधिकारी अशोक टांडिया ने अपने संबोधन में कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों में तेजी से प्रतिभा उभर रही है और शिक्षक उनके मार्गदर्शन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि विभाग ऐसे आयोजनों को निरंतर प्रोत्साहित करेगा ताकि बच्चों में खेलों के प्रति रुचि और सहभागिता और बढ़ सके।
क्रीड़ा समिति की अध्यक्ष देवबती कोड़ोपी ने कहा कि दो दिनों तक चले इस आयोजन में बच्चों ने अनुशासन, उत्साह और खेल भावना का शानदार परिचय दिया। समिति का उद्देश्य है कि आने वाले वर्षों में इस प्रतियोगिता को और भव्य तथा व्यवस्थित रूप दिया जाए, ताकि अधिक से अधिक बच्चे इसमें भाग ले सकें और अपनी प्रतिभा प्रदर्शित कर सकें।
कार्यक्रम के अंत में विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को पुरस्कृत किया गया। ग्रामीणों, शिक्षकगण और आयोजकों के सहयोग से यह दो दिवसीय आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ और बच्चों में नई ऊर्जा व उत्साह का संचार हुआ।



