लोक सेवक होने के नाते आम जनता की समस्याओं का निराकरण पहली प्राथमिकता : कलेक्टर डॉ. शुक्ला
समय-सीमा की बैठक लेकर लंबित कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के दिए निर्देश.


उत्तर बस्तर कांकेर, कलेक्टर डॉ. प्रियंका शुक्ला ने आज जिला स्तर के अधिकारियों की समय-सीमा बैठक लेकर विभिन्न विभागों के निर्माणाधीन कार्यों एवं लंबित प्रकरणों की जानकारी ली और विभागीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने बैठक में सभी विभाग के अधिकारियों से कहा कि जिले के आम नागरिकों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, लोक सेवक होने के नाते आम जनता की समस्याएं दूर करना हमारी पहली प्राथमिकता और जिम्मेदारी है। इसे ध्यान में रखते हुए हमें अपने उत्तरदायित्वों का निर्वहन गंभीरता से करना है। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ महीनों में विधानसभा निर्वाचन के कारण कई निर्माण कार्यों की प्रगति प्रभावित हुई है, जिनकी समीक्षा करते हुए संबंधित विभाग के अधिकारी अपने-अपने निर्माणाधीन कार्यों की अद्यतन जानकारी लें तथा अपने अधीनस्थ कर्मचारियों की नियमित बैठक लेकर कार्यों में तेजी लाएं।
आज सुबह 11.00 बजे से कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा बैठक में कलेक्टर डॉ. शुक्ला ने कहा कि जिले में कई सड़कों की स्थिति बहुत खराब है, जिसके कारण आम लोगों को आवागमन में असुविधाओं का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को सड़क निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए और संबंधित एजेंसी को निर्धारित समय-सीमा के पूर्व हर हाल में गुणवत्तापूर्ण ढंग से निर्माण कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने आम लोगों से प्राप्त आवेदनों का अविलम्ब निराकरण करने की कार्रवाई करने के लिए निर्देशित किया।
उन्होंने वर्तमान में हो रही बारिश को देखते हुए जिले के सभी धान खरीदी केंद्रों में धान के समुचित रख-रखाव के लिए आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ ही अधिकारियों को धान खरीदी कार्यों का नियमित निरीक्षण करने के लिए भी निर्देशित किया। इसके अलावा उन्होंने राजस्व विभाग के विभिन्न लंबित प्रकरणों को भी त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। बैठक में कलेक्टर ने अगले सप्ताह से ई-जनचौपाल पुनः प्रारंभ करने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया, साथ ही जिले के दूरस्थ क्षेत्र में स्थित कोयलीबेड़ा विकासखण्ड में प्रत्येक शुक्रवार को विभागीय अधिकारियों की उपस्थिति में स्थानीय लोगों की समस्याओं का त्वरित निराकरण करने के भी निर्देश दिए। बैठक में डीएफओ श्री शशिगानंदन के., जिला पंचायत के सीईओ श्री सुमित अग्रवाल, अपर कलेक्टर द्वय श्री एस. अहिरवार एवं श्री बी.एस. उईके सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारीगण मौजूद थे।



