कांकेर-नारायणपुर सीमा पर नक्सल डम्प का खुलासा, दो .303 रायफल समेत भारी मात्रा में हथियार और सामग्री बरामद।

कांकेर-नारायणपुर सीमा पर नक्सल डम्प का खुलासा, दो .303 रायफल समेत भारी मात्रा में हथियार और सामग्री बरामद।

कोयलीबेड़ा। उत्तर बस्तर कांकेर जिले के कोयलीबेड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत कांकेर-नारायणपुर सीमा पर स्थित ग्राम आलपरस और गुमचुर के मध्य जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में सुरक्षा बलों को नक्सल विरोधी अभियान के दौरान बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त सर्चिंग अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने एक नक्सल डम्प का खुलासा करते हुए दो .303 रायफल, 32 राउंड कारतूस तथा बड़ी मात्रा में नक्सलियों के उपयोग की सामग्री बरामद की है। इस कार्रवाई को क्षेत्र में सक्रिय नक्सलियों के नेटवर्क और उनकी गतिविधियों पर प्रभावी प्रहार माना जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक बद्री नारायण मीणा, डीआईजी बीएसएफ भानुप्रतापपुर दीपक तिवारी, पुलिस अधीक्षक कांकेर निखिल राखेचा तथा 40वीं वाहिनी बीएसएफ कोयलीबेड़ा के द्वितीय कमान अधिकारी एवं प्रभारी सेनानी नरेंद्र शर्मा के निर्देशन में जिले के संवेदनशील और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में लगातार संयुक्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत डीआरजी, बीएसएफ और बीडीएस की संयुक्त टीम ने 11 जुलाई को आलपरस-गुमचुर के मध्य जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में सघन सर्चिंग की, जहां छिपाकर रखा गया नक्सल डम्प बरामद हुआ।
तलाशी के दौरान सुरक्षा बलों ने दो .303 रायफल, 32 राउंड कारतूस, एक लैपटॉप, एक टैबलेट, तीन वायरलेस बैटरियां, एक रेडियो, दो नक्सली वर्दियां, पांच पाउच, दो चार्जर, एक बैटरी तथा नक्सली साहित्य सहित अन्य सामग्री जब्त की। पुलिस का कहना है कि बरामद सामग्री का उपयोग नक्सली संगठन अपने संचालन और गतिविधियों में करते थे। इस बरामदगी से नक्सलियों की गतिविधियों को झटका लगा है और सुरक्षा बलों को महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई है।
इस संयुक्त अभियान में बीएसएफ के सहायक कमांडेंट अंकुश कुमार, थाना प्रभारी कोयलीबेड़ा निरीक्षक निर्मल जांगड़े, बीएसएफ के इंस्पेक्टर अनुज कुमार, उप निरीक्षक नवीन प्रकाश, उप निरीक्षक सौरभ यादव तथा डीआरजी टीम कमांडर सहायक उप निरीक्षक नरेंद्र नेताम सहित सुरक्षा बलों के जवान शामिल रहे।
पुलिस ने बताया कि कांकेर-नारायणपुर सीमा से लगे नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में लगातार संयुक्त अभियान संचालित किए जा रहे हैं। क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने तथा नक्सल गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए आने वाले दिनों में भी सघन सर्चिंग अभियान जारी रहेगा।



