कांकेर-नारायणपुर सीमा के जंगलों में नक्सल डम्प का खुलासा, आईईडी समेत बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद।

कांकेर-नारायणपुर सीमा के जंगलों में नक्सल डम्प का खुलासा, आईईडी समेत बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद।

कोयलीबेड़ा। उत्तर बस्तर कांकेर जिले के थाना कोयलीबेड़ा क्षेत्र में पुलिस, डीआरजी और बीएसएफ की संयुक्त टीम को नक्सल विरोधी अभियान के दौरान बड़ी सफलता मिली है। कांकेर-नारायणपुर सीमावर्ती जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में सर्चिंग के दौरान सुरक्षा बलों ने नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखा गया एक डम्प बरामद किया, जिसमें आईईडी सहित भारी मात्रा में विस्फोटक और नक्सली सामग्री मिली है। बरामद प्रेशर कुकर आईईडी में से एक को सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए मौके पर ही सुरक्षित रूप से निष्क्रिय कर नष्ट कर दिया गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक सुन्दरराज पी. के मार्गदर्शन में, डीआईजी बीएसएफ भानुप्रतापपुर दीपक तिवारी, कांकेर पुलिस अधीक्षक निखिल कुमार राखेचा तथा बीएसएफ 40वीं वाहिनी कोयलीबेड़ा के सेनानी रणधीर सिंह गिल के निर्देशन में जिले में लगातार नक्सल उन्मूलन अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत थाना कोयलीबेड़ा पुलिस, डीआरजी टीम और बीएसएफ सुरक्षा बलों द्वारा क्षेत्र में लगातार सर्चिंग अभियान संचालित किया जा रहा है।
इसी क्रम में 13 और 14 मई 2026 को संयुक्त सुरक्षा बलों की टीम कांकेर और नारायणपुर जिले की सीमा से लगे ग्राम डोमांज, आमाकोल और गट्टाकाल के मध्य स्थित घने जंगल और पहाड़ी क्षेत्र में सर्चिंग के लिए रवाना हुई थी। अभियान के दौरान जवानों ने संदिग्ध स्थानों की गहन तलाशी ली, जहां नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखा गया डम्प बरामद हुआ। तलाशी में सुरक्षा बलों को 50 बीजीएल सेल, लगभग पांच किलोग्राम और तीन किलोग्राम वजन के दो प्रेशर कुकर आईईडी, दो पाइप आईईडी, बिजली वायर, पांच पेट्रोल बम तथा कॉर्डेक्स वायर बरामद हुए।
बरामद सामग्री को देखकर सुरक्षा बलों ने आशंका जताई कि नक्सली सुरक्षा जवानों को नुकसान पहुंचाने और क्षेत्र में बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में थे। मौके की गंभीरता को देखते हुए बम निरोधक मानकों का पालन करते हुए एक प्रेशर कुकर आईईडी को वहीं सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय कर नष्ट किया गया, जबकि अन्य बरामद सामग्री को जब्त कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
अधिकारियों का कहना है कि सुरक्षा बलों की सतर्कता और लगातार चलाए जा रहे सर्चिंग अभियान के चलते नक्सलियों की विध्वंसक गतिविधियों को लगातार विफल किया जा रहा है। इस संयुक्त कार्रवाई में बीएसएफ 40वीं वाहिनी, थाना कोयलीबेड़ा पुलिस और डीआरजी चार्ली टीम के अधिकारी एवं जवान शामिल रहे। सुरक्षा बलों द्वारा पूरे सीमावर्ती क्षेत्र में लगातार सर्चिंग अभियान जारी रखा गया है ताकि नक्सल गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।



