छत्तीसगढ़छत्तीसगढ़/मध्यप्रदेशटेक्नोलॉजीदेशमनोरंजनलाइफस्टाइलविदेशशिक्षा

जिले में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया स्वतंत्रता दिवस। सांसद श्री नाग ने राष्ट्रध्वज फहराकर ली परेड की सलामी।

*जिले में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया स्वतंत्रता दिवस*
*सांसद श्री नाग ने राष्ट्रध्वज फहराकर ली परेड की सलामी**
*92 शहीदों के परिजनों का हुआ सम्मान, उत्कृष्ट कार्य करने वाले भी हुए सम्मानित*
*देशभक्ति से ओतप्रोत गीतों पर विद्यार्थियों ने किया आकर्षक नृत्य*

उत्तर बस्तर कांकेर, 15 अगस्त 2024/ राष्ट्रीय पर्व स्वतंत्रता दिवस के 78वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में आज नरहरदेव शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय प्रांगण में मुख्य कार्यक्रम का आयोजन उत्साह, हर्षोल्लास एवं गरिमामय ढंग से किया गया, जहां मुख्य अतिथि कांकेर लोकसभा क्षेत्र के सांसद श्री भोजराज नाग ने राष्ट्रध्वज तिरंगा फहराकर परेड की सलामी ली तथा मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय का आमजनता के नाम संदेश का वाचन किया। इस दौरान जवानों के द्वारा हर्ष फायर तथा लयबद्ध आकर्षक मार्चपास्ट किया गया। कार्यक्रम में विद्यालयीन छात्र-छात्राओं के द्वारा देशभक्ति गीतों पर मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। समारोह के अंत में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शासकीय सेवकों, सामाजिक प्रतिनिधियों, नागरिकों को भी सम्मानित किया गया।
कांकेर जिला मुख्यालय में 78 वें स्वतंत्रता दिवस का आयोजन किया गया जिसमें नरहरदेव पीएमश्री शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परिसर में कांकेर सांसद श्री नाग के द्वारा राष्ट्रध्वज फहराया गया। वे सुबह ठीक 9.00 बजे ध्वजारोहण किया, तत्पश्चात बैण्ड की धुन पर राष्ट्रगान गाया गया। इसके बाद मुख्य अतिथि ने जिप्सी पर सवार होकर मैदान के चारों तरफ मौजूद जवानों से सलामी ली। इस दौरान उनके साथ जिला कलेक्टर श्री निलेश कुमार महादेव क्षीरसागर और एस.पी. श्री इंदिरा कल्याण एलेसेला भी उपस्थित थे। इसके उपरांत उन्होंने प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय का स्वतंत्रता दिवस पर जनता के नाम संदेश का वाचन किया। इसके पश्चात् सांसद श्री नाग ने केसरिया, सफेद और हरे रंग के गुब्बारे आसमान में छोड़े। इसके बाद पुलिस बल के द्वारा हर्ष फायर किया गया। समारोह में परेड कमांडर उप पुलिस अधीक्षक श्री अविनाश ठाकुर के नेतृत्व में जिला पुलिस बल के पुरुष एवं महिला, नगर सेना, बस्तर फाइटर्स महिला, डिस्ट्रिक्ट स्ट्राइक फोर्स, वन विभाग सहित विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के एनसीसी एवं एनएसएस कैडेट्स और स्काउट गाइड की कुल 13 टोलियों द्वारा लयबद्ध तरीके से कदमताल करते हुए आकर्षक मार्च पास्ट किया गया, जिसके बाद मुख्य अतिथि ने दल प्रमुखों से परिचय प्राप्त किया।
तदुपरांत विभिन्न मोर्चों में अपने प्राणों की आहुति देने वाले जिले के 92 वीर जांबाज शहीद जवानों के परिजनों को मुख्य अतिथि के द्वारा शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। इसके बाद विद्यालयीन छात्र-छात्राओं के द्वारा एक साथ पी.टी. का प्रदर्शन किया गया, साथ ही शासकीय कन्या आवासीय विद्यालय गोविन्दपुर, पीएमश्री शासकीय नरहरदेव उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, सरस्वती शिशु मंदिर गढ़पिछवाड़ी, शहीद रामकुमार यादव शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, शासकीय कन्या आदर्श उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सिंगारभाट और सेजेश भानुप्रतापपुर विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की आकर्षक प्रस्तुति दी गई। इसके ठीक बाद विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले 124 शासकीय सेवकों, नागरिकों, विद्यार्थियों और सामाजिक प्रतिनिधियों का भी सम्मान प्रशस्ति-पत्र प्रदाय कर उन्हें स्मृति चिन्ह व मैडल भेंट किया गया। इसी तरह नगर के ऐतिहासिक डढ़िया तालाब को जलकुम्भी मुक्त करने तथा सतत् सफाई अभियान चलाने वाले स्थानीय जनप्रतिनिधियों, होमगॉर्ड के जवान, सामाजिक कार्यकर्ताओं और शासकीय अधिकारी-कर्मचारियों को भी प्रशस्ति-पत्र भेंट कर उन्हें सम्मानित किया गया। इस दौरान जल संसाधन विभाग द्वारा जलशक्ति अभियान पर आधारित जागरूकता रथ को सांसद श्री नाग ने हरी झण्डी दिखाकर शुभारम्भ किया।
*मार्च पास्ट और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले दल सम्मानित*
स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह के मार्च पास्ट में गैर शालेय वर्ग से जिला पुलिस बल महिला वर्ग को प्रथम, जिला पुलिस बल पुरुष वर्ग को द्वितीय तथा बस्तर फाइटर्स महिला ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसी प्रकार शालेय वर्ग से पीएमश्री नरहरदेव विद्यालय के एनसीसी बालिका की टोली को प्रथम स्थान, पीएमश्री नरहरदेव विद्यालय के एनसीसी बालक को द्वितीय स्थान तथा पंडित विष्णुप्रसाद शर्मा विद्यालय के एनसीसी बालक को तृतीय स्थान मिला। साथ ही गैर शालेय वर्ग से विजय लक्ष्मी गौतम तथा शालेय वर्ग से कु. संजना शोरी को बेस्ट प्लाटून कमांडर की श्रेणी में सम्मानित किया गया। इसी प्रकार सांस्कृतिक कार्यक्रमों में शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भानुप्रतापपुर के विद्यार्थियों ने प्रथम, पीएमश्री नरहरदेव उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय ने द्वितीय तथा शासकीय कन्या आदर्श विद्यालय सिंगारभाट के विद्यार्थियों ने तृतीय स्थान प्राप्त किया, जिन्हें मुख्य अतिथि, कलेक्टर एवं एसपी के द्वारा स्मृति चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर कांकेर विधायक श्री आशाराम नेताम, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री हेमंत ध्रुव, उपाध्यक्ष श्री हेमनारायण गजबल्ला, पूर्व विधायक श्री शिशुपाल सोरी, छ.ग. मत्स्य विकास बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष श्री भरत मटियारा, वरिष्ठ नागरिक श्री महेश जैन, श्री सतीश लाटिया, श्री दिलीप जायसवाल मौजूद रहे। इसी तरह जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री आनंद कुमार ध्रुव, डीएफओ श्री आलोक वाजपेयी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती मनीषा ठाकुर, अपर कलेक्टर श्री एस. अहिरवार, जिला पंचायत के सी.ई.ओ श्री सुमित अग्रवाल, एसडीएम कांकेर श्री अशोक मारबल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व शहर के प्रतिष्ठित नागरिक इस दौरान उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button