क्राइमछत्तीसगढ़

डेम में डूबने से युवक की दर्दनाक मौत,परिवार में मातम

डेम में डूबने से युवक की दर्दनाक मौत, परिजनों में मचा कोहराम

राजनांदगांव। राजनांदगांव जिले के भर्रीटोला स्थित डैम में डूबने से कॉलेज स्टूडेंट की मौत हो गई। पूरी घटना गुरुवार दोपहर करीब डेढ़ बजे की है। युवक को तैरना नहीं आता था। फिलहाल उसके शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। मामला डोंगरगढ़ थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, शहर के बुधवारी पारा वार्ड नं.- 14 का रहने वाला आर्यन राव (20 वर्ष) नेहरू कॉलेज में बीए फर्स्ट ईयर का स्टूडेंट था। रोजाना की तरह गुरुवार को भी वो कॉलेज गया हुआ था। क्लास खत्म होने के बाद वो शहर से लगे ग्राम भर्रीटोला डैम में घूमने चला गया। इसके बाद वो अपने 5 दोस्तों के साथ वहां पहुंचा। पांचों दोस्त डैम में नहाने के लिए उतरे, लेकिन इसी बीच आर्यन का पैर फिसल गया और वो पानी की गहराई में चला गया।

बाकी दोस्तों ने उसे डूबता हुआ देखा, तो शोर मचाना शुरू किया। उनमें से किसी भी छात्र को तैरना नहीं आता था, इसलिए वो चाहकर भी अपने दोस्त की मदद नहीं कर सके। इधर शोर सुनकर वहां मछली पकड़ रहे कुछ लोग मौके पर पहुंचे और पानी में छलांग लगाकर डूबते हुए युवक को बाहर निकाला। उस वक्त उसकी सांस चल रही थी। उसे तुरंत डोंगरगढ़ अस्पताल ले जाया गया, जहां युवक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। सूचना मिलने पर पुलिस और परिजन मौके पर पहुंचे। वहां पहुंची बहन ने बताया कि आर्यन को वो रक्षाबंधन में सरप्राइज गिफ्ट देने वाली थी, लेकिन राखी के 12 दिन पहले ही वो दुनिया छोड़कर चला गया। इधर नेहरू कॉलेज प्रबंधन की ओर से कोई बयान जारी नहीं हुआ है। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है।

Related Articles

Back to top button