कटगांव सड़कपारा में नई सौगात — नया हैंडपंप-बोर लगने से ग्रामीणों की बरसों पुरानी प्यास बुझी।

कटगांव सड़कपारा में नई सौगात — नया हैंडपंप-बोर लगने से ग्रामीणों की बरसों पुरानी प्यास बुझी।
कोयलीबेड़ा। कटगांव सड़कपारा (कामटेड़ा) के ग्रामीणों के चेहरे पर इन दिनों खुशी साफ झलक रही है। बरसों से पेयजल की किल्लत झेल रहे इस मोहल्ले में आखिरकार नया हैंडपंप सह बोर लगने से लोगों की बड़ी समस्या का समाधान हो गया है। इससे पहले ग्रामीण पानी के लिए स्कूल परिसर में लगे हैंडपंप पर निर्भर थे, लेकिन स्कूल बंद होने पर छुट्टी के दिनों मे बच्चों और ग्रामीणों दोनों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था।
नई सुविधा मिलने के बाद अब ग्रामीणों को पानी के लिए दूर भटकना नहीं पड़ेगा। इस कार्य के पूरा होने पर पूरे गांव में उत्साह का माहौल है। ग्रामीणों ने सरपंच कमलू राम मंडावी और उप सरपंच दुर्गेश हुपेंडी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह काम उनकी लंबे समय से लंबित मांग पूरी होने जैसा है।
गांव के बुजुर्गों का कहना है कि गर्मियों में पानी की समस्या सबसे ज्यादा विकराल हो जाती थी, लेकिन अब नया हैंडपंप लगने से पूरे साल भर पर्याप्त पानी मिलेगा। महिलाओं ने भी राहत की सांस लेते हुए कहा कि अब उन्हें सुबह-शाम पानी भरने के लिए लंबी कतार में नहीं लगना पड़ेगा।
यह नया हैंडपंप सह बोर गांव के विकास में एक अहम कदम माना जा रहा है, जो न केवल पेयजल संकट को दूर करेगा बल्कि ग्रामीणों की जीवनशैली में भी सकारात्मक बदलाव लाएगा।



