

उत्तर बस्तर कांकेर :-शासकीय नरहरदेव उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कांकेर के खेल मैदान में आयोजित जिला स्तरीय छत्तीसगढ़िया ओलंपिक का आज समापन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि संसदीय सचिव श्री शिशुपाल शोरी ने समापन समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि खेल से तन और मन स्वस्थ रहता है, इससे हमे जीवन में बहुत कुछ सीखने को मिलता है। खेल में कोई जीत हांसिल करता है और कोई हारता है, लेकिन हमे हार नहीं मानना चाहिए और उससे सीख लेकर आगे बढ़ने का प्रयास करना चाहिए। खेल से भी कैरियर निर्माण किया जा सकता है। सरकार द्वारा विभिन्न विभागों में नौकरियां प्रदान की जाती है। छत्तीसगढ़िया ओलंपिक शुरू करने के लिए मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल को बधाई देते हुए उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के पारंपरिक खेलो को हम भूल रहे थे, जिन्हे सरकार ने पुनर्जीवित किया है। उन्होंने विजेता खिलाड़ियों को बधाई दी एवं पराजित खिलाड़ियों को हार नहीं मानने के लिए समझाईश दिया।
कलेक्टर डॉ. प्रियंका शुक्ला ने जिला स्तरीय छत्तीसगढ़िया ओलंपिक समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि विद्यार्थी जीवन बच्चों के लिए सर्वोत्तम समय होता है, इसका भरपूर लाभ उठायें। कांकेर जिले का प्रत्येक बच्चा खेल हो या पढ़ाई, सभी विधा में अग्रणी रहे तथा अपने और अपने परिवार का तथा जिले का नाम रौशन करें। अपर कलेक्टर एस. अहिरवार ने प्रतिवेदन में बताया कि छत्तीसगढ़िया ओलंपिक प्रतियोगिता तीन आयु वर्ग में आयोजित किया गया, इसमें 16 खेलों गिल्ली-डण्डा, पिट्टूल, संखली, लंगड़ी दौड़, कबड्डी, खो-खो, रस्साकसी, बॉटी (कंचा), बिल्लस, फुगड़ी, गेड़ी दौड़, भौंरा, 100 मीटर दौड़, लम्बी कूद, रस्सी कूद एवं कुश्ती इत्यादि को शामिल किया गया। जिला स्तरीय प्रतियोगिता में 2526 प्रतिभागी शामिल हुए, जिसमें महिला वर्ग से 1209 और पुरूष वर्ग में 1317 प्रतिभागियों ने अपने खेल का प्रदर्शन किया। प्रत्येक विधाओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को क्रमशः दो हजार रूपये, पन्द्रह सौ रूपये तथा एक हजार रूपये की राशि से पुरस्कृत किया गया। जिला स्तरीय प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी संभाग स्तरीय प्रतियोगिता में सम्मिलित होंगे, जो 13 से 19 सितंबर तक जगदलपुर के लाल बाग खेल मैंदान में आयोजित किया जायेगा। समापन समारोह में पुलिस अधीक्षक श्री दिव्यांग पटेल, जिला पंचायत के अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी विरेन्द्र जायसवाल, जिला शिक्षा अधिकारी भुवन जैन, जिला खेल अधिकारी संजय जैन, पंचायत एवं ग्रामीण विभाग के उप संचालक कमलेश सिदार, चमन साहू सहित व्यायाम शिक्षक एवं खिलाड़ी बड़ी संख्या में उपस्थित थे।



