छत्तीसगढ़

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने बैठक लेकर की निर्वाचन संबंधी तैयारियों की समीक्षा.

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने बैठक लेकर की निर्वाचन संबंधी तैयारियों की समीक्षा
जिले में स्वीप पर हो रहे कार्यों की सराहना की
विधानसभा आम निर्वाचन-2023

उत्तर बस्तर कांकेर, / विधानसभा आम निर्वाचन-2023 के तहत आगामी मंगलवार 07 नवम्बर को जिले के मतदाता मतदान करेंगे। जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्र की तैयारियां की समीक्षा करने आज मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय के उच्चाधिकारियों का दल पहुंचा। दल में शामिल सभी आला अधिकारियों ने जिले में निर्वाचन को लेकर की गई तैयारियों की समीक्षा की। साथ ही उन्होंने मतदाता जागरूकता कार्यक्रम के तहत स्थानीय नरहरदेव शासकीय महाविद्यालय में आयोजित स्वीप के कार्यक्रम में शामिल हुए। सभी अधिकारियों ने स्वीप कार्यक्रम की सराहना की और उम्मीद जाहिर की कि 07 नवम्बर को जिले के अधिकांश मतदाता इस महापर्व का हिस्सा बनेंगे।
आज सुबह 11.50 बजे मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी रीना बाबासाहब कंगाले सहित स्पेशल पुलिस ऑब्जर्वर श्री अनिल कुमार शर्मा, स्पेशल जनरल ऑब्जर्वर श्री धर्मेन्द्र  गंगवार (रिटायर्ड आईएएस), स्पेशल एक्सपेंडिचर ऑब्जर्वर श्री राजेश टुटेजा और श्री साकेत कुमार सिंह सीआरपीएफ के नोडल ऑफिसर हेलीकॉप्टर से भानुप्रतापदेव शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय परिसर में स्थित हेलीपैड पर पहुंचे, जहां पर कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. प्रियंका शुक्ला, एसपी श्री दिव्यांग पटेल और जिला पंचायत के सी.ई.ओ. श्री सुमित अग्रवाल ने स्वागत किया। यहां से वे सीधे सर्किट हाउस पहुंचे, जहां पर पीपीटी के माध्यम से विधानसभा निर्वाचन-2023 हेतु जिले के अंतागढ़, भानुप्रतापपुर और कांकेर विधानसभा ़क्षेत्र में निर्विघ्न, शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान के लिए तैयार की गई रणनीति की जानकारी जिला निर्वाचन अधिकारी और एसपी ने दी। इस दौरान उन्होंने मतदान दल गठन, प्रशिक्षण, निर्वाचन सामग्री की उपलब्धता, ईव्हीएम का रेंडमाइजेशन, कमीशनिंग सहित निर्वाचन के दौरान व्ययों पर निगरानी रखने गठित किए गए एसएसटी, एफएसटी, व्हीएसटी, व्हीव्हीटी सहित विभिन्न प्रकार के दलों की जानकारी दी। इसके अलावा आदर्श आचरण संहिता का उल्लंघन किए गए प्रकरणों के संबंध में पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से बताया गया, साथ ही दल के सदस्यों को विधानसभा वार जानकारी भी दी गई। तदुपरांत एसपी श्री पटेल ने सुरक्षा संबंधी व्यवस्था, पुलिस फोर्स सहित सीआरपीएफ, बीएसएफ और अन्य बटालियन की तैनाती के बारे में बताया एवं संवेदनशील क्षेत्रों में किए गए सुरक्षात्मक उपायों के बारे में संक्षिप्त जानकारी दी। इस अवसर पर जिले के लिए भारत निर्वाचन आयोग द्वारा नियुक्त प्रेक्षक श्री अशोक कुमार, श्री सुशांत कुमार, श्री एच.जे देसाई और श्री नेल्ली कुमार सुब्रमण्यम भी उपस्थित थे।


अधिकारियों ने की स्वीप अभियान की

सराहना, आमंत्रण पत्र देकर किया मतदान करने का अनुरोध- इसके बाद टीम में शामिल निर्वाचन पदाधिकारी सहित अन्य अधिकारियों ने भानुप्रतापदेव शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय प्रांगण में आयोजित स्वीप कार्यक्रम में शामिल हुए। यहां पर आदिवासी कलाकारों ने आकर्षक लोकनृत्य के साथ स्वागत किया, तत्पश्चात् पहली बार वोट करने वाले कॉलेज छात्र-छात्राओं ने सभी अधिकारियों का स्वागत वोट करने की अपील के साथ किया। इसके उपरांत जिला निर्वाचन अधिकारी के आग्रह पर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्रीमती कंगाले सहित अन्य अधिकारियों ने कॉलेज के विद्यार्थियों, नववधुओं, एसएचजी की महिलाओं और लोक नर्तकों को आमंत्रण पत्र देकर आगामी मंगलवार 07 नवम्बर को अनिवार्य रूप से वोट करने का अनुरोध किया। इसके बाद उपस्थित मतदाताओं को स्वतंत्र, निर्भीक और निष्पक्ष होकर मतदान करने की शपथ दिलाई गई। अंत में अधिकारियों के दल ने वोट की अपील वाले रंगबिरंगे गुब्बारे आकाश में उड़ाए। उक्त कार्यक्रम के उपरांत निर्वाचन अधिकारियों का दल कोंडागांव जिले के लिए रवाना हुआ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button