ब्लॉक स्तरीय शालेय शारीरिक, बौद्धिक एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिता का चारगांव में हुआ समापन।

ब्लॉक स्तरीय शालेय शारीरिक, बौद्धिक एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिता का चारगांव में हुआ समापन।

कोयलीबेड़ा। तीन दिनों तक चले ब्लॉक स्तरीय शालेय खेल प्रतियोगिता का चारगांव में समापन हो गया, तीन दिवसीय इस खेल कुम्भ में टीमो के बीच कांटे की टक्कर देखी गयी साथ ही कई खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अपना लोहा मनवाया। ब्लॉक स्तरीय इस प्रतियोगिता में कोयलीबेड़ा अंचल के बारह संकुल अन्तर्गत 93 प्राथमिक शाला, 25 माध्यमिक शाला, 8 हाई स्कूल और 2 हायर सेकेंडरी स्कूल के 1500 के लगभग बच्चों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिताओं में कबड्डी, बॉलीबाल, खो खो, ऊंची कूद, लम्बी कूद, दौड़, सांस्कृतिक आदि में बच्चों ने भाग लिया। कोयलीबेड़ा की टीम ओवरऑल चैंपियन रही। समापन समारोह के मुख्य अतिथि स्थानीय विधायक विक्रमदेव उसेण्डी रहे जिनके कर कमलों से विजयी खिलाड़ियों को पुरस्कार वितरण भी किया गया। अपने सम्बोधन में विधायक ने कहा कि उनका चारगांव से गहरा नाता है क्योंकि यहाँ उन्होंने प्राथमिक की शिक्षा हासिल की थी और उस दौर में खेल के आयोजन तो होते थे पर इस प्रकार एथलेटिक्स या अन्य खेल नही गिल्ली डंडा और भौंरा आदि का प्रतियोगिता कराया जाता था, एक पुरानी कहावत थी कि “खेलोगे कूदोगे बनोगे खराब, पढ़ोगे लिखोगे बनोगे नवाब” पर ऐसा बिल्कुल भी नही है पढ़ाई के साथ ही साथ खेलों का भी जीवन मे बड़ा महत्व है खेल से स्वस्थ्य शरीर तो रहेगा ही और इस क्षेत्र में कैरियर भी बनाया जा सकता है। खेल में जीत हार लगी रहती है यह स्वाभाविक है की दो पक्ष में एक ही विजयी होगा परन्तु हार से घबराना नही है इससे भी सीख लेनी चाहिए व कमियों को दूर करते हुए दुगुने उत्साह के साथ आगामी आयोजनों को ध्यान में रखते हुए तैयारी करने सफलता अवश्य मिलेगी। इस ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिता की चर्चा हर तरफ हो रही है सफल आयोजन के लिए क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों ,शिक्षकों ग्रामीणों और सभी लोगों को बहुत बहुत शुभकामनाएं। क्षेत्र के जनप्रतिनिधि व सेवक होने के नाते आज जो भी आवेदन दिए गए हैं प्राथमिकता के तहत पूरे किए जाएंगे व स्कूल आश्रम परिसर में शौचालय के लिए राशि की घोषणा करता हूँ जिसे जल्द पूरा किया जाएगा।
समापन समारोह की अध्यक्षता कर रहे सरपंच सुखीराम उसेण्डी ने कहा कि ब्लॉक स्तरीय इस वृहद खेल प्रतियोगिता में आये समस्त संकुलों के प्राथमिक,माध्यमिक, हाई और हायर सेकेंडरी के बच्चों, शिक्षकों ,जनप्रतिनिधियों व ग्रामीणों का मैं हृदय से आभार व्यक्त करता हूँ, इस सफल आयोजन में आप सभी की महत्वपूर्ण भागीदारी रही है गांव के युवा वर्ग का भी बहुत बहुत आभार जिन्होंने अपनी भागीदारी निभाई।

कार्यक्रम के दौरान विधायक विक्रमदेव उसेण्डी,सहायक खण्ड शिक्षा अधिकारी अशोक टांडिया, सरपंच सुखीराम उसेण्डी,लच्छुराम गावड़े, बसन्त ध्रुव, पाण्डेराम सलाम, रीना बघेल, हेमा हुपेंडी, सहदेव उसेण्डी सहित 18 पँचायत के प्रतिनिधि व सामाजिक कार्यकर्ताओं सहित शिक्षकगण मौजूद रहे।



