
छत्तीसगढ़ कांग्रेस सरकार के खिलाफ भाजपा का प्रदर्शन। लगाए वादा खिलाफी के आरोप।
अन्तागढ़। साप्ताहिक बाजार के दिन अन्तागढ़ बाजार स्थल में भारतीय जनता पार्टी के नेताओ ने वर्तमान कांग्रेस सरकार पर जमकर निशाना साधा व वादा खिलाफी का आरोप भी लगाया। एक दिवसीय धरना प्रदर्शन के दौरान भाजपा के कई दिग्गज शामिल रहे जिसमे महाराष्ट्र से आये विधायक शंकर ओराम, सांसद मोहन मण्डावी, पूर्व सांसद विक्रम उसेण्डी, पूर्व विधायक भोजराज नाग,नगर पंचायत अध्यक्ष राधे लाल नाग, जिला उपाध्यक्ष असीम राय, महामंत्री महेंद्र ठाकुर, मंडल अध्यक्षों में जितेन्द्र मरकाम, दिनेश आचले, रामेश्वर मण्डावी, दीपांकर दत्ता, रतन हलदर, जिला पंचायत सदस्य सुनीता मण्डल, जिला सदस्य अंजली अधिकारी,अन्तागढ़ प्रभारी रत्नेश सिंग, सांसद प्रतिनिधि नोहर उसेण्डी,महिला मोर्चा से मनोरमा मण्डावी, सरपँच लच्छुराम गावड़े आदि शामिल रहे। प्रदर्शन के दौरान सभी ने बारी बारी से वर्तमान छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार पर हमला बोला व केंद्र सरकार की योजनाओं को जबरदस्ती नाम बदलकर, केंद्र द्वारा जारी पंचायतों को 14वें व 15वें वित्त की राशि मे सेंधमारी का आरोप लगाया। केंद्र सरकार द्वारा आवंटित निःशुल्क चांवल पर भी भ्रष्टाचार कर गरीबो को दिए जाने वाले चांवल को गायब करने का आरोप लगाया गया।

पूर्व सांसद, विधायक व मंत्री रहे विक्रमदेव उसेण्डी ने कांग्रेस सरकार पर वादा खिलाफी का आरोप लगाते हुए कहा कि वर्तमान छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार गरीब, किसानों और कर्मचारियों को झूठ बोलकर सत्ता में आई है जो वादे उन्होंने किये वो धरातल पर कभी नजर नही आये हाथ मे गंगाजल लेकर शराब बंदी की बात कही गई थी लेकिन आज घर घर शराब पहुंचाकर दी जा रही है और करोड़ों रुपये का शराब घोटाला कर राजस्व का नुकसान कर रही है। केंद्र की पैसों से रोजगार गारंटी योजना के तहत व पंचायतों को मिलने वाली केंद्रीय मद की राशियों से गौठान और अन्य निर्माण कराए जा रहे हैं और केंद्र सरकार को ही कोसने का कार्य ये कांग्रेस सरकार कर रही है। इसको आज आम जनता भली भांति जान गई है और आगामी चुनाव में जरूर सबक सिखाएगी।



