वार्षिक किसान आम सभा का कोयलीबेड़ा में हुआ आयोजन, सहकारी बैंक और दो साल से बीमा नही मिलने को लेकर नाराजगी।

वार्षिक किसान आम सभा का कोयलीबेड़ा में हुआ आयोजन, कई बिंदुओं पर विस्तार से हुई चर्चा।
कोयलीबेड़ा। आदिमजाति सेवा सहकारी समिति मर्यादित कोयलीबेड़ा के अंशधारियों (किसानों) का वार्षिक आमसभा लैम्पस कार्यालय कोयलीबेड़ा में आयोजित किया गया।
आमसभा के दौरान निर्धारित विषयसूची पर विस्तृत चर्चा की गई जिसमें – वर्ष 2022-23 अंकेक्षण टीप का अवलोकन तथा पारित करना। वर्ष 2023-24 के वार्षिक प्रतिवेदन एवं स्वीकृत कराना।समिति अंकेक्षण वर्ष 2024-25 के सहकारी विभाग में अंकेक्षण कराने पुष्टि । वर्ष 2024-25 का अनुमानित बजट का अवलोकन एवं अनुमोदन कराना शामिल रहा। इस दौरान विगत वर्ष की आय व्यय का विस्तृत व्योरा व आगामी वर्ष की लक्ष्य निर्धारण की जानकारी प्रभारी प्रबंधक सुबरन नाग द्वारा दी गयी।
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए अतिथियों ने किसान हितों को ध्यान में रखते हुए जो योजनाएं संचालित है उनका समुचित लाभ लेने के लिए समिति का सदस्य बनने व पंजीयन कराने की सलाह किसानों को दी साथ ही बताया गया कि आगामी नवीन योजनाएं भी समिति के माध्यम से शुरू होने वाली हैं जिसमे स्टाम्प, बिजली बिल, के अलावा अन्य विभिन्न सेवाएं भी शुरू होने वाली हैं जिनका समुचित लाभ लिया जा सकता है। किसानों को बताया गया कि ऋण राशि निर्धारित समय तक अवश्य जमा करें और व्याज देने से बचें।
किसानों ने भी अपनी मांगों और सुझाओं को इस दौरान रखा जिसमे सबसे महत्वपूर्ण रही जिला सहकारी बैंक की शाखा कोयलीबेड़ा में संचालित करने की मांग, किसानों का कहना था कि सहकारी बैंक कार्य के लिए 30 किलोमीटर दूर अंतागढ जाना पड़ता है कई बरसों की मांग के बाद विगत वर्ष शाखा खोले जाने की बात पर किसान उत्साहित थे परंतु एटीएम मात्र शुरू कर दिया गया जो अब बन्द पड़ा है और शाखा संचालित नही होने से हताशा छाई हुई है इसकी पहल जल्द से जल्द हो और कोयलीबेड़ा में ही जिला सहकारी बैंक संचालित किया जाए। फसल बीमा को लेकर भी किसानों ने नाराजगी जाहिर किया है कि दो वर्षों से कोयलीबेड़ा अंचल के किसानों को कोई भी बीमा लाभ नही मिल रहा है जबकि प्रीमियम के नाम पर लाखों रुपये इस क्षेत्र से जमा कराए गए हैं।
आमसभा में मुख्य अतिथि रत्तीराम दुग्गा, अध्यक्षता जागेश्वर पुजारी, विशेष अतिथियों में लच्छुराम गावड़े, जीपी कौशल, दिनेश आचला,अजय साहू मौजूद रहे साथ ही बड़ी संख्या में कृषको की उपस्थिति रही।



