ग्राम उदनपुर में आयोजित विकसित कृषि संकल्प अभियान में किसानों को दी गई आधुनिक एवं जैविक खेती की जानकारी.

ग्राम उदनपुर में आयोजित विकसित कृषि संकल्प अभियान में किसानों को दी गई आधुनिक एवं जैविक खेती की जानकारी.

कोयलीबेड़ा। शासन की मंशानुसार किसानों को जैविक एवं प्राकृतिक खेती के प्रति प्रोत्साहित करने तथा आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़ने के उद्देश्य से ग्राम उदनपुर में विकसित कृषि संकल्प अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण किसान उपस्थित रहे, जहां कृषि, पशुधन एवं उद्यानिकी विभाग के अधिकारियों ने किसानों को खेती-किसानी से जुड़ी नई तकनीकों, योजनाओं एवं उन्नत कृषि पद्धतियों की जानकारी दी।
कार्यक्रम के नोडल अधिकारी एवं सहायक संचालक कृषि श्री नरसिंग ध्रुव ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय में प्राकृतिक एवं जैविक खेती की ओर बढ़ना आवश्यक है। उन्होंने जैविक खेती के लाभ बताते हुए नील हरित खाद, जीवामृत तथा प्राकृतिक संसाधनों के उपयोग से कम लागत में बेहतर उत्पादन लेने के तरीकों की जानकारी दी। उन्होंने किसानों से रासायनिक खादों पर निर्भरता कम करने और पर्यावरण अनुकूल खेती अपनाने की अपील की।
कृषि विज्ञान केंद्र पखांजूर से पहुंचे डॉ. दिलीप पात्रे ने ग्रामीण किसानों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याओं को सुना और उनके समाधान बताए। उन्होंने किसानों को कृषि की नई तकनीकों, मिश्रित खेती, फसल विविधीकरण एवं वैज्ञानिक पद्धति से खेती करने के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीकों को अपनाकर किसान अपनी आय में वृद्धि कर सकते हैं।
वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी श्री एम.आर. मंडावी ने किसानों को मृदा स्वास्थ्य कार्ड के महत्व के बारे में बताते हुए कहा कि भूमि की गुणवत्ता के अनुसार संतुलित मात्रा में रासायनिक खाद का उपयोग करना चाहिए, जिससे फसल उत्पादन बेहतर होने के साथ मिट्टी की उर्वरता भी बनी रहती है। वहीं कृषि अधिकारी श्री अनिमेष गावड़े ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, किसान क्रेडिट कार्ड सहित शासन की विभिन्न जनहितैषी योजनाओं की जानकारी देते हुए किसानों को इन योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।
शिविर में पशुधन विभाग से डॉ. मयंक ने पशुपालन से जुड़ी योजनाओं एवं पशुओं के स्वास्थ्य संबंधी जानकारी दी, जबकि उद्यानिकी विभाग से श्री कर्मकार ने उद्यानिकी फसलों एवं विभागीय योजनाओं के बारे में किसानों को अवगत कराया।
कार्यक्रम के दौरान सरपंच श्रीमती सोनवती कोवाची, ग्राम पटेल, पंचगण, वरिष्ठ कृषि अधिकारी श्री नवलु राम नेताम, कृषि विकास अधिकारी उदय यादव, ग्रामीण कृषि अधिकारी श्रवण खुराशू, शिशिर विश्वास सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण किसान उपस्थित रहे। अभियान के माध्यम से किसानों को आधुनिक, लाभकारी एवं पर्यावरण हितैषी खेती के लिए प्रेरित किया गया।



