मतदान दलों के प्रशिक्षण कार्यक्रम का जिला निर्वाचन अधिकारी ने किया निरीक्षण।


उत्तर बस्तर कांकेर 30 अक्टूबर 2023/कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. प्रियंका शुक्ला ने आज सेजेस नरहरदेव हायर सेकेण्डरी स्कूल एवं सेंट माइकल हायर सेकेण्डरी स्कूल गोविन्दपुर में निर्वाचन कार्य हेतु मतदान दलों के प्रशिक्षण कार्यक्रम का निरीक्षण किया। उन्होंने मतदान दलों के सदस्यों से प्रशिक्षण के बारे में जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। इस दौरान उन्होंने मतदान अधिकारियों को भारत निर्वाचन आयोग के सभी निर्देशों का अक्षरशः पालन करते हुए उन्हें सौंपे गए जिम्मेदारियों का पूरी सजगता और सतर्कता के साथ निर्वहन करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर सीईओ जिला पंचायत एवं नोडल अधिकारी श्री सुमीत अग्रवाल, जिला शिक्षा अधिकारी श्री भुवन जैन भी मौजूद थे।
उल्लेखनीय है कि जिले में विधानसभा निर्वाचन कार्य हेतु गठित सभी मतदान दलों एवं रिजर्व दलों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। जिसमें आज अंतागढ़ विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-79 के 142 मतदान दलों के 568 सदस्यों को सेंट माइकल हायर सेकेण्डरी स्कूल गोविंदपुर में और भानुप्रतापपुर विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-80 के 166 मतदान दलों के 664 सदस्यों को जेपी इंटरनेशनल स्कूल सरंगपाल में प्रशिक्षण दिया गया। वहीं कांकेर विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-81 के 153 मतदान दलों के 612 सदस्यों को सेजेस नरहरदेव हायर सेकेण्डरी स्कूल में प्रशिक्षण दिया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के दूसरे दिन 31 अक्टूबर को अंतागढ़ विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-79 के 122 मतदान दलों के 488 सदस्यों को सेंट माइकल हायर सेकेण्डरी स्कूल गोविंदपुर में, भानुप्रतापपुर विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-80 के 158 मतदान दलों के 631 सदस्यों को जेपी इंटरनेशनल स्कूल सरंगपाल में और कांकेर विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-81 के 138 मतदान दलों के 552 सदस्यों को सेजेस नरहरदेव हायर सेकेण्डरी स्कूल में प्रशिक्षण दिया जाएगा।



