गैजेट्सछत्तीसगढ़छत्तीसगढ़/मध्यप्रदेशटेक्नोलॉजीदेशलाइफस्टाइलशिक्षा

युक्तियुक्तकरण के पश्चात कार्यभार ग्रहण नहीं करने वाले शिक्षकों पर होगी विभागीय जांच समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर ने दिए निर्देश

*युक्तियुक्तकरण के पश्चात कार्यभार ग्रहण नहीं करने वाले शिक्षकों पर होगी विभागीय जांच समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर ने दिए निर्देश*
उत्तर बस्तर कांकेर, 23 सितम्बर 2025/ युक्तियुक्तकरण के तहत अब तक कार्यभार ग्रहण नहीं करने वाले शिक्षकों के विरूद्ध विभागीय जांच की कार्यवाही शुरू करने के लिए कलेक्टर श्री निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया है। उन्होंने मंगलवार को आयोजित समय-सीमा की बैठक में विभिन्न प्रकरणों के निराकरण की समीक्षा करते हुए उक्त आशय के निर्देश दिए। कलेक्टर द्वारा ऐसे सभी शिक्षकों से जिन्होंने युक्तियुक्तकरण के पश्चात अब तक कार्यभार ग्रहण नहीं किया है, उनसे तत्काल कार्यभार ग्रहण करने की अपील भी की गई है। बताया गया कि युक्तियुक्तकरण के तहत जिले में अब तक 148 शिक्षकां ने कार्यभार ग्रहण नहीं किया है। कांकेर विकासखण्ड अंतर्गत सहायक शिक्षक 16, प्रधान पाठक प्राथमिक शाला 05, शिक्षक 05 और 03 व्याख्याता ने अब तक कार्यभार ग्रहण नहीं किया है। इसी प्रकार चारामा विकासखण्ड में सहायक शिक्षक 33, शिक्षक 07, प्रधान पाठक माध्यमिक शाला 01 और 13 व्याख्याता, भानुप्रतापपुर विकासखण्ड में सहायक शिक्षक 15, प्रधान पाठक प्राथमिक शाला 02, शिक्षक 05 एवं व्याख्याता 02, नरहरपुर विकासखण्ड में सहायक शिक्षक 12, शिक्षक 01, व्याख्याता 05, दुर्गूकांदल विकासखण्ड में सहायक शिक्षक 04, प्रधान पाठक प्राथमिक शाला 01, शिक्षक 01, अंतागढ़ विकासखण्ड में सहायक शिक्षक 02 तथा कोयलीबेड़ा विकासखण्ड में सहायक शिक्षक 01, शिक्षक 13 और 01 व्याख्याता ने अब तक कार्यभार ग्रहण नहीं किया है, जिनके विरूद्ध विभागीय जांच की कार्यवाही शुरू करने के लिए कलेक्टर द्वारा जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए गए हैं।
कलेक्टर श्री क्षीरसागर ने सभी जिला कार्यालयों में ई-ऑफिस का अधिक से अधिक उपयोग करने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। जनपद के अधिकारियों को भी ई-ऑफिस का उपयोग करने के लिए कहा गया है। समय-सीमा की बैठक में उनके द्वारा मुख्यमंत्री जनदर्शन, पोर्टल में प्राप्त आवेदन, कलेक्टर जनदर्शन और जनशिकायत में प्राप्त आवेदनों के निराकरण की विस्तृत समीक्षा की गई तथा सभी प्रकरणों को शीघ्र निराकृत करने के लिए कहा गया। उन्होंने शासन द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं पीएम जनमन योजना, किसान सम्मान निधि, प्लास्टिक वेस्ट मेनेजमेंट, धरती आबा कार्यक्रम, स्वच्छ भारत मिशन, आंगनबाड़ी केन्द्रों का निर्माण, पीडीएस भवन निर्माण, नियद नेल्लानार योजना, पोषण पुनर्वास सहित स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन की भी उन्होंने गहन समीक्षा की तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। स्कूलों में विद्यार्थियों के जाति प्रमाण पत्र बनवाने में तेजी लाने के निर्देश डीईओ एवं सभी एसडीएम को दिए गए। सभी विभागीय अधिकारियों को अपने कार्यालयों में एक ही बैंक खाता संचालित करने के लिए कहा गया, यदि एक से अधिक बैंक खाता हो तो उन्हें एक खाता में मर्ज करने के निर्देश दिए गए। बैठक में डीएफओ भानुप्रतापपुर श्री हेमचंद पहारे, जिला पंचायत के सीईओ श्री हरेश मंडावी, अपर कलेक्टर द्वय श्री जितेन्द्र कुमार कुर्रे एवं श्री ए.एस. पैकरा सहित सभी अनुविभागीय अधिकारी और जिला स्तर के अधिकारीगण मौजूद थे।

Related Articles

Back to top button