सड़क दुर्घटनाओं से बचाने आवारा पशुओं को लगाए जा रहे रेडियम बेल्ट.

सड़क दुर्घटनाओं से बचाने आवारा पशुओं को लगाए जा रहे रेडियम बेल्ट
दन्तेवाड़ा, । कलेक्टर श्री विनीत नंदनवार के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में घुमंतू पशुओं को सड़क दुर्घटना से बचाव हेतु रेडियम बेल्ट लगाए जा रहे हैं इससे सड़कों पर पशुओं को होने वाले जोखिमों से बचाया जा सकता है। उपसंचालक पशु चिकित्सा सेवाएं डॉ. एस जहीरुद्दीन ने बताया कि विगत दिवसों में टेकनार गौठान, हारम एवं बड़े कारली में सड़क हादसों से पशुओं के बचाव हेतु रेडियम बेल्ट, टीकाकरण, औषधि वितरण, कृत्रिम गर्भाधान कार्य किया गया। जिसमें पशु उपचार-38, टीकाकरण-168, कृत्रिम गर्भाधान-13, औषधि वितरण-288, रेडियम बेल्ट-128 पशुओं में लगाया गया। गौठान में उपस्थित पशुपालकों को पशुओं को खुले में न छोड़ने की समझाइश दी गई। पशुओं को खुले में छोड़ने की जानकारी मिलने पर पशुपालक के ऊपर जुर्माना नियमानुसार कार्यवाही की जायेगी इसके बारे में भी बताया गया। इस कार्यक्रम के दौरान जिले के अधिकारी, कर्मचारी, पशु चिकित्सालय गीदम, पशु चिकित्सालय बड़े तुमनार, पशु औषधालय कारली, कृत्रिम गर्भाधान उपकेंद्र दंतेवाड़ा के अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे। घुमंतू पशुओं को सड़क दुर्घटना से बचाव हेतु जिला प्रशासन द्वारा लगातार कार्यवाही की जा रही है। कलेक्टर के आदेशानुसार जिले के नगरीय निकाय एवं नेशनल हाईवे, स्टेट हाईवे से लगे ग्रामों में रेडियम बेल्ट पशुओं में लगाने हेतु निरंतर कार्य किया जा रहा है। जिससे सड़कों पर होने वाले दुर्घटनाओं से बचा जा सके।



