मतदान दिवस 07 नवंबर को सामान्य अवकाश घोषित।

उत्तर बस्तर कांकेर / कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. प्रियंका शुक्ला द्वारा जिले में विधानसभा निर्वाचन हेतु निर्धारित मतदान दिवस की तिथि 07 नवंबर को सामान्य अवकाश घोषित किया गया है। भारत निर्वाचन आयोग के जारी आदेशानुसार छत्तीसगढ़ राज्य में विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2023 प्रथम चरण में 07 नवंबर एवं द्वितीय चरण में 17 नवंबर को संपन्न होना है। लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा 135 ख, ‘‘मतदान के दिन कर्मचारियों को सवेतन अवकाश की मंजूरी’’ में उल्लेखित प्रावधान अनुसार मतदान दिवस को किसी कारोबार, व्यवसाय, औद्योगिक उपक्रम या किसी अन्य स्थापन में नियोजित प्रत्येक व्यक्ति को सवेतन अवकाश स्वीकृत किये जाने के निर्देश प्राप्त हुए हैं। कांकेर जिले के समस्त विधानसभा क्षेत्रों में प्रथम चरण में 07 नवंबर 2023 को मतदान संपन्न होना है। उपरोक्त निर्देशानुसार 07 नवंबर को जिला उत्तर बस्तर कांकेर में सामान्य अवकाश घोषित किया गया है।



