गैजेट्सछत्तीसगढ़छत्तीसगढ़/मध्यप्रदेशटेक्नोलॉजीशिक्षा

आकांक्षी जिला अंतर्गत संपूर्णता कार्यक्रम का आयोजन।उत्कृष्ट कार्य करने वाले शासकीय सेवक पुरस्कृत।

*आकांक्षी जिला अंतर्गत संपूर्णता कार्यक्रम का आयोजन*
*उत्कृष्ट कार्य करने वाले शासकीय सेवक पुरस्कृत*


उत्तर बस्तर कांकेर।  भारत सरकार नीति आयोग के आकांक्षी जिला कार्यक्रम अंतर्गत लक्षित सूचकांकों-स्वास्थ्य, शिक्षा, पोषण, कृषि इत्यादि के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए कांकेर जिला को रजत पदक तथा कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण और सामाजिक विकास के सूचकांक में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए कोयलीबेड़ा ब्लॉक को स्वर्ण पदक और दुर्गूकोंदल ब्लॉक को रजत पदक पुरस्कार के लिए चयनित किया गया है। शनिवार को राजधानी रायपुर में आयोजित राज्य स्तरीय सम्मान समारोह में जिला प्रशासन को यह पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।
आकांक्षी जिला कार्यक्रम एवं आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रम के अंतर्गत आज जिला पंचायत के सभाकक्ष में संपूर्णता अभियान कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें आकांक्षी जिला व आकांक्षी ब्लॉक में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र व मेडल से पुरस्कृत किया गया। संपूर्णता कार्यक्रम की अध्यक्षता विधायक कांकेर श्री आशाराम नेताम के द्वारा की गई। संपूर्णता कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक श्री नेताम ने आकांक्षी जिला एवं आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रम के क्रियान्वयन में बेहतर प्रदर्शन के लिए सभी अधिकारी एवं कर्मचारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा योजनाएं बनाई जाती है, जिसका मैदानी स्तर पर क्रियान्वयन शासकीय सेवकों द्वारा किया जाता है। आकांक्षी जिला व आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रम में जिले के अधिकारी-कर्मचारियों ने कड़ी मेहनत की, गंभीरता से कार्य किया, जिसके फलस्वरूप जिले को रजत पदक और कोयलीबेड़ा ब्लॉक को स्वर्ण पदक तथा दुर्गूकोंदल ब्लॉक को रजत पदक पुरस्कार हेतु चयनित किया गया है, जिसके लिए सभी को बधाई। सभी शासकीय सेवक अपने-अपने कर्तव्यों का बेहतर निर्वहन करते हुए जिले के अंतिम छोर तक विकास को धरातल पर पहुंचाएं। सरकार द्वारा संचालित योजनाआें की जानकारी दें तथा अधिक से अधिक लोगों को लाभान्वित करें। वर्षा ऋतु को दृष्टिगत रखते हुए साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने तथा स्कूल जाने योग्य सभी बच्चों को स्कूल भेजने के लिए अपना योगदान देने हेतु आग्रह भी उनके द्वारा किया गया।
छत्तीसगढ़ राज्य मछुआ कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष श्री भरत मटियारा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती किरण नरेटी तथा महेश जैन ने भी संपूर्णता कार्यक्रम को संबोधित किया और आकांक्षी जिला व आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सभी अधिकारी-कर्मचारियों तथा जिला प्रशासन को बधाई दी। कलेक्टर श्री नीलेश कुमार महादेव क्षीरसागर ने बताया कि आकांक्षी जिला कार्यक्रम में कांकेर जिले में पांच सूचकांकों में पूर्णता को प्राप्त किया गया, जिसके लिए जिले को रजत पदक पुरस्कार के लिए चयनित किया गया है। उन्होंने आकांक्षी जिला एवं आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रम के सूचकांकों की पूर्णता के लिए सभी अधिकारी-कर्मचारियों को बधाई दी तथा जिले के विकास के लिए बेहतर प्रदर्शन करने को कहा। आभार प्रदर्शन जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री हरेश मंडावी द्वारा किया गया। नगरपालिका कांकेर के अध्यक्ष श्री अरूण कौशिक, राजीव लोचन सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी संपूर्णता कार्यक्रम में मौजूद थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button