गैजेट्सछत्तीसगढ़छत्तीसगढ़/मध्यप्रदेशलाइफस्टाइलशिक्षाहेल्थ

सांसद भोजराज नाग और विधायक विक्रम देव उसेंडी ने सरपंच फूलबती उसेंडी को किया सम्मानित.

सांसद भोजराज नाग और विधायक विक्रम देव उसेंडी ने सरपंच फूलबती उसेंडी को किया सम्मानित

कोयलीबेड़ा। विकसित भारत जी-रामजी योजना के तहत छत्तीसगढ़ के पहले पूर्ण कार्य के रूप में पहचान बना रहे बड़पारा हाईस्कूल के मॉडल बालिका शौचालय निर्माण की उपलब्धि पर केसेकोड़ी ग्राम पंचायत की सरपंच फूलबती उसेंडी का कांकेर सांसद भोजराज नाग और अंतागढ़ विधायक विक्रम देव उसेंडी ने सम्मान कर शुभकामनाएं दीं। सरपंच की इस उपलब्धि को पंचायत क्षेत्र के लिए गौरव बताते हुए जनप्रतिनिधियों ने उनके कार्यों की सराहना की।

बड़पारा हाईस्कूल में कक्षा 9वीं और 10वीं में 39 छात्राएं अध्ययनरत हैं। छात्राओं के लिए व्यवस्थित शौचालय की सुविधा नहीं होने के कारण लंबे समय से परेशानी बनी हुई थी। ग्राम पंचायत केसेकोड़ी ने छात्राओं की आवश्यकता को प्राथमिकता देते हुए 4 लाख 25 हजार 495 रुपये की लागत से सर्वसुविधायुक्त मॉडल बालिका शौचालय का निर्माण कराया। पंचायत के अनुसार, विकसित भारत जी-रामजी योजना के तहत प्रदेश में पूर्ण होने वाला यह पहला कार्य बताया जा रहा है।

इस कार्य के लिए सरपंच फूलबती उसेंडी को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भी अंतागढ़ के लामकन्हार में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ के 138वें कार्यक्रम के दौरान सम्मानित किया था। इसके बाद सांसद भोजराज नाग और विधायक विक्रम देव उसेंडी द्वारा सम्मानित किए जाने से सरपंच की उपलब्धि को क्षेत्र में विशेष पहचान मिली है।

सरपंच फूलबती उसेंडी ने सम्मान के लिए सांसद और विधायक का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान उनके साथ पूरी ग्राम पंचायत और बड़पारा की बेटियों का है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र की छात्राओं को बेहतर और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना पंचायत की प्राथमिकता है और इस तरह का सम्मान आगे भी जनहित के कार्य करने के लिए प्रेरणा देता है।

सम्मान कार्यक्रम के दौरान भाजपा मंडल अध्यक्ष लच्छू राम गावड़े, दिनेश आचले, सुनील जैन, लक्ष्मण ठाकुर, अमल नरवास, पीलू उसेंडी और रिंकू सहारे सहित अन्य लोग मौजूद रहे। बड़पारा में निर्मित मॉडल बालिका शौचालय से 39 छात्राओं को सुविधा मिल रही है और योजना के तहत प्रदेश के पहले पूर्ण कार्य के रूप में इसकी पहचान क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।

Related Articles

Back to top button