उदनपुर में ब्लॉक स्तरीय बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ।

उदनपुर में ब्लॉक स्तरीय बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ।

कोयलीबेड़ा। ब्लॉक स्तरीय शारीरिक, बौद्धिक एवं सांस्कृतिक बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ उदनपुर में उत्साहपूर्ण वातावरण के बीच किया गया। तीन दिनों तक चलने वाले इस खेल महोत्सव में कोयलीबेड़ा विकासखंड के 12 संकुलों से लगभग 900 बच्चे भाग ले रहे हैं, जो विभिन्न खेल, बौद्धिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का जौहर दिखाएंगे। आयोजन स्थल पर बच्चों, शिक्षकों, अभिभावकों एवं ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम का उद्घाटन जनपद पंचायत कोयलीबेड़ा की अध्यक्ष श्रीमती श्यामबती मंडावी ने फीता काटकर किया। उद्घाटन के दौरान उन्होंने उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों को खेल भावना, अनुशासन और पारदर्शिता के साथ प्रतियोगिता को सफल बनाने की शपथ दिलाई। इसके पश्चात विभिन्न संकुलों से आए बच्चों ने रंग-बिरंगे परिधानों में आकर्षक मार्चपास्ट किया और कदमताल करते हुए अध्यक्ष महोदया को सलामी दी, जिससे पूरा मैदान तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
इस अवसर पर जनपद अध्यक्ष श्रीमती श्यामबती मंडावी ने अपने उद्बोधन में कहा कि खेल केवल शारीरिक विकास का माध्यम नहीं हैं, बल्कि इससे बच्चों में आत्मविश्वास, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और आपसी भाईचारे की भावना विकसित होती है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण अंचलों के बच्चों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, आवश्यकता केवल उचित मंच और मार्गदर्शन की होती है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से बच्चों को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है और भविष्य में वे जिला, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर क्षेत्र का नाम रोशन कर सकते हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागी बच्चों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हार-जीत से अधिक महत्वपूर्ण खेल भावना है और प्रत्येक बच्चे को पूरे मनोयोग से प्रतियोगिता में भाग लेना चाहिए।
प्रतियोगिता के सुचारु संचालन के लिए विभिन्न खेलों हेतु प्रभारी अधिकारियों की नियुक्ति की गई है, ताकि सभी खेल निर्धारित समय पर एवं निष्पक्ष रूप से संपन्न हो सकें। आयोजन की तैयारियों में उदनपुर ग्राम के ग्रामीणों की सहभागिता भी सराहनीय रही। ग्रामीणों ने श्रमदान कर खेल मैदान की साफ-सफाई की तथा स्थानीय युवाओं ने वालंटियर के रूप में व्यवस्था संभालने में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैँ ।
उद्घाटन समारोह में सरपंच उदनपुर श्रीमती सोनबत्ती कोवाची, ग्राम गायता उदनपुर से दिनेश कुमार पद्दा, ग्राम पटेल उदनपुर से अंकालू राम जाड़े, मंडल अध्यक्ष कोयलीबेड़ा लच्छू राम गावड़े, जनपद सदस्य विनोद उसेण्डी, सविता ध्रुव, हरीशचंद देहारी, सरोज उसेण्डी सहित बड़ी संख्या में जनपद सदस्य, सरपंच, शिक्षा विभाग के अधिकारी, सर्व आदिवासी समाज के पदाधिकारी एवं कोयलीबेड़ा क्षेत्र की 18 पंचायतों के जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने आयोजन की सराहना करते हुए बच्चों का उत्साहवर्धन किया और प्रतियोगिता के सफल आयोजन की कामना की।



