पांच दिनों से बुजुर्ग लापता, मेढ़की नदी मे बहने की आशंका. तलाश जारी।

पांच दिनों से बुजुर्ग लापता, मेढ़की नदी मे बहने की आशंका. तलाश जारी।

कोयलीबेड़ा। क्षेत्र से एक बेहद चिंताजनक मामला सामने आया है। साँवलीबरस गांव का निवासी मुनाराम उसेंडी (उम्र लगभग 65 वर्ष) पिछले कई दिनों से लापता है। ग्रामीणों और परिजनों को आशंका है कि वे मेढ़की नदी में बह गए होंगे।
मामला शनिवार 16 अगस्त का है। उस दिन शाम करीब चार बजे मुनाराम उसेंडी नदी की ओर गए थे। इसके बाद से वे घर वापस नहीं लौटे। देर रात तक जब वे नहीं आए तो परिजनों ने गांव में और आसपास के इलाकों में तलाश शुरू की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला।
इसके बाद से ही ग्रामीण लगातार मेढ़की नदी के किनारे और आसपास के क्षेत्रों की गहन खोजबीन कर रहे हैं। पांच दिन बीत जाने के बावजूद अब तक बुजुर्ग का पता नहीं चल पाया है। इस दौरान ग्रामीण नदी किनारे कई किलोमीटर पैदल चलते हुए हर चप्पे की छानबीन कर चुके हैं।
कोयलीबेड़ा थाना प्रभारी निर्मल जांगड़े ने बताया कि साँवलीबरस से एक बुजुर्ग के लापता होने और नदी में बहने की आशंका की सूचना मिली थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीआरएफ टीम को अलर्ट कर दिया गया है। लेकिन फिलहाल नदी में जलस्तर अधिक होने से तलाशी अभियान में कठिनाई आ रही है।
थाना प्रभारी ने यह भी कहा कि जैसे ही नदी का जलस्तर कुछ कम होगा, एसडीआरएफ की टीम और तेज़ी से खोज अभियान शुरू करेगी। इस बीच ग्रामीण और परिजन लगातार प्रशासन की मदद से तलाश में जुटे हुए हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि बरसात के मौसम में मेढ़की नदी का प्रवाह बहुत तेज़ रहता है। अगर मुनाराम नदी में बह गए होंगे तो उन्हें ढूँढना मुश्किल हो सकता है। इसके बावजूद पूरा गांव उनके सुरक्षित मिलने की उम्मीद लगाए हुए है।
फिलहाल मुनाराम उसेंडी का अब तक कोई सुराग नहीं मिला है। ग्रामीण और परिजन चिंतित हैं, जबकि पुलिस और एसडीआरएफ टीम स्थिति पर नज़र बनाए हुए है।



