खेलछत्तीसगढ़छत्तीसगढ़/मध्यप्रदेशटेक्नोलॉजीशिक्षाहेल्थ

जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं का हुआ आकर्षक प्रस्तुतियों के साथ शुभारंभ

*जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं का हुआ आकर्षक प्रस्तुतियों के साथ शुभारंभ*
*अतिथियों का स्वागत विद्यार्थियों ने आकर्षक नृत्य और बैंड से किया*
*सांसद ने युवा प्रतिभागियों को दी मोबाइल का सीमित उपयोग करने की सीख*
*बस्तर ओलम्पिक-2024*
उत्तर बस्तर कांकेर, 21 नवम्बर 2024/ बस्तर ओलम्पिक-2024 की जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं का रंगारंग शुभारंभ आज नरहरदेव शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के प्रांगण में किया गया, जिसके मुख्य अतिथि के रूप में कांकेर लोकसभा क्षेत्र के सांसद श्री भोजराज नाग तथा विशिष्ट अतिथि के तौर पर कांकेर विधायक श्री आशाराम नेताम, भानुप्रतापपुर विधायक श्रीमती सावित्री मंडावी तथा जिला पंचायत अध्यक्ष श्री हेमंत धु्रव उपस्थित थे। इस अवसर पर सांसद श्री नाग ने सभी प्रतिभागियों को अपनी शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जिले के साथ-साथ वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेलों में भी प्रतिनिधित्व करते हुए अपने हुनर का श्रेष्ठतम प्रदर्शन करें।
आज से 23 नवम्बर तक आयोजित तीन दिवसीय जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिता में श्री नाग ने अपने उद्बोधन में कहा कि बस्तर ओलम्पिक के आयोजन के माध्यम से मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने यहां की युवा प्रतिभाओं को दिशा देकर आगे बढ़ाने का प्रयास किया है, यह बेहद सराहनीय प्रयास है। सांसद ने मौजूद प्रतिभागियों को सलाह देते हुए कहा कि मोबाइल भी एक नशा के समान है और इसका उपयोग उतना ही करें जितना कि सब्जी में नमक। उन्होंने सभी खिलाड़ियों व विद्यार्थियों को रील के बजाय रियल हीरो बनने की सीख दी। विशिष्ट अतिथि के रूप में मंचासीन कांकेर विधायक श्री नेताम ने अपने उद्बोधन में कहा कि कोई भी खेल टीम वर्क से खेला जाता है। सभी खिलाड़ी अनुशासन और संयम के साथ उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन करते हुए अपनी पहचान स्थापित करें तथा अपने हुनर को अंजाम दें। इस अवसर पर उन्हांने मुख्यमंत्री श्री साय का आभार प्रकट करते हुए कहा कि प्रदेश के मुखिया ने बस्तर ओलम्पिक के माध्यम से क्षेत्र के युवा वर्ग की काबिलियत को मंच देने और निखारने हेतु नवाचारी प्रयास किया। कार्यक्रम में उपस्थित भानुप्रतापपुर विधायक श्रीमती मंडावी ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि बस्तर ओलंपिक से खेल प्रेमियों को एक मंच मिला है, उनके भीतर छिपी हुई खेल प्रतिभाओं को बाहर लाने का सुनहरा अवसर मिला है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को खेल भावना से खेलते हुए बेहतरीन प्रदर्शन की शुभकामनाएं दीं।
इसके पहले, कलेक्टर श्री निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने कहा कि बस्तर ओलंपिक-2024 राज्य शासन की अनूठी पहल है, जिसका उद्देश्य सुदूर अंचल में निवासरत युवक-युवतियों की खेल प्रतिभाओं को अवसर देना है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए बताया कि जिले में खेल सुविधाएं विकसित करने के लिए जनप्रतिनिधियों के सहयोग से एक एथलेटिक ट्रैक की स्वीकृति मिली है जिसका लाभ जिले के खिलाड़ियों को मिलेगा। उन्होंने आगे कहा कि खेल गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के लिए जो भी आवश्यकताओं व सुविधाओं की दरकार होगी, उसे जिला प्रशासन द्वारा मुहैया कराया जाएगा। इस दौरान विद्यालयीन छात्र-छात्राओं द्वारा आकर्षक लोक नृत्य प्रस्तुत किया गया। इसके अलावा भिलाई से आए कराटे के 20 प्रशिक्षुओं के दल ने कोच श्री हरिहर राव के नेतृत्व में आत्मरक्षा पर आधारित विभिन्न अभ्यासों का प्रदर्शन किया। समारोह के अंत में मुख्य अतिथि श्री नाग ने बस्तर ओलम्पिक की जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं के विधिवत शुभारंभ की घोषणा की। साथ ही सभी खिलाड़ियों को अनुशासन व खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने तथा नशामुक्त भारत की शपथ भी दिलाई। इस अवसर पर जनपद पंचायत अध्यक्ष श्री रामचरण कोर्राम, जिला पंचायत के सीईओ श्री हरेश मंडावी सहित वरिष्ठ नागरिकगण उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button