छत्तीसगढ़

समाधान शिविर में अनुकम्पा नियुक्ति के प्रकरणों का हुआ निराकरण।

समाधान शिविर में अनुकम्पा नियुक्ति के प्रकरणों का हुआ निराकरण

उत्तर बस्तर कांकेर, 22 मई 2024/ कलेक्टर श्री अभिजीत सिंह के निर्देशानुसार विभिन्न विभागों में रिक्त पदों पर अनुकम्पा नियुक्ति के लंबित प्रकरणों के निराकरण के लिए आज समाधान शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें अनुकम्पा नियुक्ति के नए एवं पुराने प्रकरणों का नियमानुसार परीक्षण कर निराकरण के लिए अग्रिम कार्यवाही की गई। जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आज सुबह 11 बजे से आयोजित समाधान शिविर में अपर कलेक्टर श्री एस. अहिरवार की उपस्थिति में सभी प्रकरणों की सूक्ष्मता से जांच की गई तथा दस्तावेजों की मूलप्रति से मिलान किया गया।
अपर कलेक्टर ने बताया कि सहायक ग्रेड-03 के रिक्त पदों के विरूद्ध अनुकम्पा नियुक्ति हेतु स्कूल शिक्षा विभाग के 22 में से 17 प्रकरणों में सहमति बनी। इसी प्रकार स्वास्थ्य विभाग के 04 में से 03 प्रकरणों पर समिति द्वारा नियुक्ति हेतु आवश्यक कार्यवाही की गई। इस विभाग में अनुकम्पा नियुक्ति के एक प्रकरण में अभ्यर्थी द्वारा तकनीकी योग्यता रखने के कारण सहायक ग्रेड-03 के स्थान पर फार्मासिस्ट ग्रेड-02 के पद पर नियुक्ति हेतु विभाग को अग्रेषित किया गया। इसके अलावा राजस्व, पशु चिकित्सा, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा, कृषि एवं आदिवासी विकास विभाग में सहायक ग्रेड-03 के 02-02 पदों पर अनुकम्पा नियुक्ति हेतु समिति एवं विभाग द्वारा परस्पर समन्वय के साथ सहमति दी गई।
इसके अलावा अनुकम्पा नियुक्ति के लंबित पुराने प्रकरणों के निराकरण के संबंध में शिविर में आवेदकगण उपस्थित हुए, जहां पर उन्हें आवश्यक वांछित दस्तावेज एवं नियुक्ति की प्रक्रिया की जानकारी भी दी गई। साथ ही मौके पर आवश्यक दस्तावेज तत्काल तैयार करके संबंधित आवेदकों को प्रदाय किया गया। इस अवसर पर समिति के सदस्यगण एवं संबंधित विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button