शिशु संरक्षण माह का आयोजन 29 सितम्बर तक।
उत्तर बस्तर कांकेर – जिले के ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में 29 अगस्त से 29 सितम्बर तक शिशु संरक्षण माह का आयोजन किया जायेगा। इस अवधि में जिले में आयोजित टीकाकरण सत्रों में 09 माह से 05 वर्ष तक आयु समूह के 56,041 लक्षित बच्चों को विटामिन ”ए“ की खुराक पिलाया जावेगा। जिले में 06 माह से 05 वर्ष आयु समूह के 60,610 बच्चों को आयरन फोलिक एसिड की खुराक सप्ताह में दो बार दिया जायेगा तथा टीकाकरण से छूटे हुए तथा नियमित टीकाकरण के लक्षित बच्चों को बी.सी.जी., हेपेटाइटिस-बी, डी.पी.टी., ओ.पी.व्ही, आई.पी.व्ही. पी.सी.व्ही., मीजल्स-रूबेला तथा पेंटावेलेंट के टीके लगाकर प्रतिरक्षित किया जावेगा। जिले को कुपोषण मुक्त बनाने के लिए 05 वर्ष तक के बच्चों का वजन तथा अति कुपोषित बच्चों का चिन्हांकन कर उनके पोषण स्तर में सुधार लाने हेतु जिले में संचालित संबंधित क्षेत्र के पोषण पुनर्वास केन्द्रों में भर्ती कर उपचार किया जावेगा। इस संबंध में जानकारी देते हुए जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. ओ.पी शंखवार ने बताया कि शिशु संरक्षण माह के सफल क्रियान्वयन हेतु लगने वाले आवश्यक प्रपत्र, पोस्टर तथा विटामिन ”ए“ सिरप, आयरन फोलिक एसिड सिरप सभी विकासखण्डों में वितरित किया जा चुका है। उन्होंने जिले के आम नागरिकों से अपील किया है कि शिशु संरक्षण माह के सफल संचालन एवं शत प्रतिशत उपलब्धि प्राप्त करने हेतु अपने तथा अपने आस-पास के 09 माह से 05 वर्ष तक के सभी बच्चों को विटामिन ”ए“ एवं 06 माह से 05 वर्ष तक के आयु के सभी बच्चों को आयरन फोलिक एसिड की खुराक देने सहयोग प्रदान करें।



