किसानों व तेंदूपत्ता हितग्राहियों की समस्याओं को लेकर कलेक्टर को सौंपा गया आवेदन.

किसानों व तेंदूपत्ता हितग्राहियों की समस्याओं को लेकर कलेक्टर को सौंपा गया आवेदन
कोयलीबेड़ा । नियद नेल्लानार योजना से जुड़े ग्राम पंचायतों के किसानों और तेंदूपत्ता हितग्राहियों ने अपनी लंबे समय से चली आ रही समस्याओं के समाधान के लिए कलेक्टर नीलेश महादेव क्षिरसागर को आवेदन सौंपा है।
आवेदन में उल्लेख किया गया है कि ग्राम पंचायत आलपरस वर्तमान में नियद नेलानार योजना में शामिल है। यहां के किसानों और तेंदूपत्ता हितग्राहियों को बीमा, भुगतान तथा अन्य जरूरी कार्यों के लिए 120 किलोमीटर दूर नारायणपुर जिले के सोनपुर स्थित वनोपज सहकारी समिति जाना पड़ता है। इतनी लंबी दूरी तय करना किसानों के लिए कठिनाई भरा है। विशेषकर बोगान, हेटारकसा, गुन्दुल और मर्राम के ग्रामीणों ने मांग की है कि सोनपुर वनोपज सहकारी समिति को ढुटा वनोपज सहकारी समिति में शामिल किया जाए। इससे उन्हें निकटतम स्तर पर सभी सुविधाएं मिल सकेंगी और अनावश्यक समय व धन की बचत होगी।
इसी क्रम में ग्रामीणों ने एक अन्य आवेदन भी सौंपा है। इसमें कहा गया है कि पानीडोबीर क्षेत्र अंतर्गत नियद नेलानार योजना में आने वाले चार पंचायत—पानीडोबीर, आलपरस, केसेकोड़ी और गुड़ाबेड़ा—में लगभग 1100 से अधिक किसान जुड़े हुए हैं। यहां शासन की महती योजना तो संचालित है, लेकिन बैंकिंग सुविधा और खरीदी केंद्र के अभाव में किसान असुविधा का सामना कर रहे हैं। आवेदन में स्पष्ट उल्लेख किया गया है कि यदि पानीडोबीर में जिला सहकारी बैंक की शाखा खोली जाए और धान खरीदी केंद्र (धानफड़ी) की व्यवस्था की जाए, तो किसानों को योजनाओं का सीधा लाभ आसानी से मिल सकेगा।
ग्रामीणों का कहना है कि उनकी ये मांगें लंबे समय से लंबित हैं और यदि शासन द्वारा शीघ्र कार्यवाही की जाती है तो किसानों व तेंदूपत्ता हितग्राहियों को बड़ी राहत मिलेगी। कलेक्टर से अपेक्षा जताई गई है कि वे मामले को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कदम उठाएंगे।



