मनरेगा कार्य के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से 3 मजदूरों की मौत, 5 महिलाएं गंभीर घायल,
कोयलीबेड़ा/अंतागढ़: मनरेगा कार्य के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से 3 मजदूरों की मौत, 5 महिलाएं गंभीर घायल, एक को कांकेर रेफर
कांकेर जिले के अंतागढ़ ब्लॉक अंतर्गत आने वाले कलगांव में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। गांव में मनरेगा (महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना) के तहत तालाब गहरीकरण का कार्य चल रहा था। इस कार्य में बड़ी संख्या में ग्रामीण मजदूर लगे हुए थे। इसी दौरान अचानक मौसम बदल गया और तेज गर्जना के बीच आकाशीय बिजली गिरने से वहां काम कर रहे मजदूर इसकी चपेट में आ गए।
मिली जानकारी के अनुसार, घटना के समय मौके पर करीब 70 ग्रामीण मजदूरी कार्य में लगे हुए थे। अचानक हुई इस प्राकृतिक आपदा से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में कुल 8 मजदूर घायल हुए, जिनमें 3 पुरुष मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 5 महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद ग्रामीणों और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अंतागढ़ पहुंचाया गया।
चिकित्सकों की देखरेख में सभी घायलों का इलाज जारी है। घायलों में से एक महिला की स्थिति अधिक गंभीर होने के कारण उसे बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल कांकेर रेफर किया जा रहा है। अन्य घायलों की हालत पर भी स्वास्थ्य विभाग लगातार निगरानी बनाए हुए है।
हादसे में जान गंवाने वाले मजदूरों की पहचान संतोष पटेल, प्रकाश पटेल और मनराज पटेल के रूप में हुई है। इनमें मनराज पटेल कलगांव के उप सरपंच भी बताए जा रहे हैं। तीनों मृतक कलगांव के ही निवासी थे। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण अस्पताल तथा घटनास्थल की ओर पहुंचने लगे।
घटना के बाद स्थानीय प्रशासन और संबंधित विभाग के अधिकारी स्थिति की जानकारी लेने में जुटे हुए हैं। फिलहाल घायलों के उपचार और प्रभावित परिवारों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया जारी है। आकाशीय बिजली गिरने की इस घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है।


