कांकेर में 5 नक्सलियों का आत्मसमर्पण, हथियारों के साथ मुख्यधारा में लौटे

कांकेर में 5 नक्सलियों का आत्मसमर्पण, हथियारों के साथ मुख्यधारा में लौटे
कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले से बड़ी खबर सामने आई है। कांकेर और मोहला-मानपुर के जंगलों में सक्रिय आरकेबी डिवीजन के अंतिम 5 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण कर दिया है। सभी नक्सली अपने हथियारों के साथ जिला मुख्यालय पहुंच रहे हैं, जहां वे एसपी निखिल राखेचा के सामने सरेंडर करेंगे।
आत्मसमर्पण करने वाले नक्सली एसीएम रैंक के बताए जा रहे हैं, जिनमें मंगेश, गणेशा, राजे, हिडमें और मंगती शामिल हैं। ये अपने साथ एसएलआर और दो .303 राइफल भी लेकर पहुंचे हैं।
पुलिस के अनुसार, इस आत्मसमर्पण के साथ ही क्षेत्र में सक्रिय नक्सलियों की एक प्रमुख कमेटी पूरी तरह खत्म हो गई है। इससे पहले भी इलाके के कई बड़े नक्सली या तो मुठभेड़ में मारे जा चुके हैं या फिर आत्मसमर्पण कर चुके हैं।
गौरतलब है कि 31 मार्च 2026 की तय समय-सीमा में अब सिर्फ 5 दिन बाकी हैं। ऐसे में इन अंतिम नक्सलियों का मुख्यधारा में लौटना पुलिस के लिए बड़ी सफलता और राहत की खबर मानी जा रही है।
हालांकि, कांकेर पुलिस के सामने अभी भी चुनौती बाकी है। जंगलों में करीब 17 नक्सली सक्रिय बताए जा रहे हैं, जिनमें डीवीसीएम चंदर और एसीएम रूपी प्रमुख हैं। इनके आत्मसमर्पण की खबरें पहले भी सामने आती रही हैं, लेकिन अब तक इन्होंने हथियार नहीं डाले हैं।



