तेंदूपत्ता बोनस भुगतान में देरी पर आम आदमी पार्टी का सरकार पर प्रहार, बड़े आंदोलन की चेतावनी.

तेंदूपत्ता बोनस भुगतान में देरी पर आम आदमी पार्टी का सरकार पर प्रहार, बड़े आंदोलन की चेतावनी
कोयलीबेड़ा। तेंदूपत्ता संग्राहकों को वर्ष 2023–24 का बोनस अब तक न मिलने को लेकर आम आदमी पार्टी ने सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। अंतागढ़ के जिला महासचिव शिव पोटाई ने कहा कि प्रदेश के लाखों तेंदूपत्ता संग्राहक पिछले एक वर्ष से अपने मेहनताने और वैधानिक बोनस के भुगतान की प्रतीक्षा कर रहे हैं, लेकिन सरकार लगातार आश्वासन देकर अपनी जिम्मेदारी से बचती रही है। उन्होंने इसे सरकार की संवेदनहीनता और श्रमिकों की उपेक्षा बताया।
शिव पोटाई ने कहा कि संग्राहकों को उनके अधिकारों से वंचित करना दुर्भाग्यपूर्ण है। “लोग बोनस के लिए दर-दर भटक रहे हैं, लेकिन सरकार की तरफ से कोई गंभीर पहल नहीं दिख रही,” उन्होंने कहा।
इसी तरह विधानसभा चुनाव के दौरान फड़ मुंशीयों को ₹25,000 देने के भाजपा सरकार के वादे पर भी आम आदमी पार्टी ने सवाल उठाए। पोटाई ने कहा कि वादा अब तक पूरा नहीं हुआ है, जिससे स्पष्ट होता है कि यह केवल चुनावी जुमला था।
प्रदेश संगठन मंत्री राजू सलाम ने सरकार की वादा-खिलाफी और श्रमिक विरोधी नीतियों की कड़ी निंदा करते हुए तीन प्रमुख मांगें रखीं—
1. तेंदूपत्ता बोनस 2023–24 का तत्काल भुगतान।
2. फड़ मुंशीयों को किए गए ₹25,000 के वादे का तुरंत क्रियान्वयन।
3. श्रमिकों और वन आधारित आजीविका पर निर्भर परिवारों के अधिकारों की गारंटी।
राजू सलाम ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने इन मुद्दों पर शीघ्र और ठोस कार्रवाई नहीं की, तो आम आदमी पार्टी बस्तर संभाग में एक बड़े जन आंदोलन की शुरुआत करने के लिए बाध्य होगी।
बैठक में जिला यूथ विंग उपाध्यक्ष बारसु हुपेंडी, ब्लॉक अध्यक्ष सुनहेर हिड़को, उपाध्यक्ष सुबेसिंह उसेंडी, मन्कु पोटाई, सचिव सुभाष गोटा, भुनेश मरकाम, राजेश हुपेंडी, चैनु राम नरेटी, सुरेंद्र कड़ियाम, अखलेश मंडावी समेत कई पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।



