गैजेट्सछत्तीसगढ़छत्तीसगढ़/मध्यप्रदेशटेक्नोलॉजीशिक्षा

सुशासन तिहार के तहत प्राप्त आवेदनों का निराकरण सतर्कता व गंभीरता से करें अधिकारी।

समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर ने दिए निर्देश।

*सुशासन तिहार के तहत प्राप्त आवेदनों का निराकरण सतर्कता व गंभीरता से करें अधिकारी*
*समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर ने दिए निर्देश *
उत्तर बस्तर कांकेर, 21 अप्रैल 2025/ कलेक्टर श्री निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने आज सुबह समय-सीमा की साप्ताहिक बैठक लेकर सुशासन तिहार के तहत प्राप्त आवेदनों के गुणवत्तापूर्ण निराकरण पर जोर देते हुए सभी जिला अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक आवेदन के निराकरण की कार्यवाही की मॉनिटरिंग राज्य स्तर पर हो रही है, सभी संबंधित अधिकारी आवेदनों का समाधान सतर्कता एवं गंभीरतापूर्वक करें।
कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आज सुबह 10.30 बजे से आयोजित समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर ने कहा कि सुशासन तिहार के तहत प्रदेश शासन का पूरा फोकस प्रकरणों के निराकरण पर रहेगा। अतः अगर कोई अधिकारी इसमें लापरवाही बरतता है तो वह अनुशासनात्मक कार्यवाही के लिए तैयार रहें। बैठक में कलेक्टर ने नियद नेल्लानार योजना की समीक्षा करते हुए चयनित ग्रामों में सतत कैम्प लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनें व समाधान करें। आंगनबाड़ी केन्द्र भवन निर्माण के लंबित प्रकरणों पर नाराजगी जाहिर करते हुए उन्होंने जनपद पंचायत दुर्गूकोंदल और कोयलीबेड़ा के सीईओ को रोजाना समीक्षा कर कार्य में प्रगति लाने हेतु निर्देशित किया। इसी तरह प्रधानमंत्री आवास योजनांतर्गत निर्माण कार्य में तेजी लाते हुए अगली किश्त की राशि हितग्राही के खाते में शीघ्रता से प्रेषित करने के निर्देश जिला पंचायत के सीईओ श्री हरेश मंडावी को दिए।
*आवास प्लस की सर्वे सूची में पात्र हितग्राही के नाम छूटने न पाए*
कलेक्टर श्री क्षीरसागर ने बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना के दूसरे चरण में आवास प्लस 2.0 (मोर दुआर साय सरकार) की समीक्षा करते हुए सभी जनपद पंचायतों के सीईओ को स्पष्ट रूप से निर्देशित किया कि शासन की मंशानुरूप कोई भी पात्र हितग्राही के नाम वर्तमान में किए जा रहे सर्वे की सूची से वंचित होने न पाए, इस बात का विशेष तौर पर ध्यान दें। उन्होंने कहा कि यदि कोई पात्र हितग्राही उक्त सर्वे सूची से छूट जाता है तो इसके लिए संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय की जाएगी। कलेक्टर ने बताया कि मैन्युअल सर्वे के अलावा हितग्राही अपने मोबाइल से स्व-आंकलन कर आवेदन भर सकता है।
*नवीन नक्सल पुनर्वास नीति का लाभ दिलाने जनपद मुख्यालयों में लगाए जाएंगे शिविर*
कलेक्टर ने नवीन नक्सल पुनर्वास नीति-2025 के तहत जिले में निवासरत पीड़ित एवं प्रभावित परिवारों को शासन की योजनाओं से प्रत्यक्ष रूप से जोड़ने हेतु ब्लॉक स्तर पर कैम्प आयोजित करने की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नक्सल पीड़ित परिवारों को शत-प्रतिशत सैचुरेट करने हेतु शिविरों का आयोजन किया जाएगा, जिसके तहत 23 अप्रैल को कांकेर शहर के न्यू कम्युनिटी हॉल में शिविर आयोजित किया जाएगा। इसी तरह 25 अप्रैल को भानुप्रतापपुर के पीएमश्री विद्यालय परिसर में, 28 अप्रैल को तहसील कार्यालय पखांजूर और 30 अप्रैल को अंतागढ़ के लाइवलीहुड कॉलेज में सुबह 11 बजे से कैम्प आयोजित किया जाएगा, जिसमें विभिन्न विभागों में संचालित 36 प्रकार की योजनाओं का लाभ प्रदाय किया जाएगा। कलेक्टर ने इस दौरान सभी जिला स्तर के अधिकारियों को उक्त शिविरों में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए।
इसके अलावा बैठक में कलेक्टर ने सभी लंबित निर्माण कार्यों को अगले मानसून की आमदगी से पहले पूर्ण करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। इसी तरह आयुष्मान भारत योजना की उपलब्धि को शत-प्रतिशत कराने पर जोर दिया। इसके अलावा आयुष्मान वय वंदना योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्र के वयोवृद्धजनों को योजना से जोड़ने, उन्हें स्वास्थ्य लाभ दिलाने के लिए योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को दिए। इसके अलावा विभिन्न लंबित प्रकरणों की समीक्षा कलेक्टर ने अनुभागवार एवं विभागवार की। बैठक में अपर कलेक्टर श्री जितेन्द्र कुमार कुर्रे, सभी अनुविभागीय अधिकारीगण और विभिन्न विभागों के कार्यालय प्रमुख मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button