पालक-शिक्षक मेगा बैठक : राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 की दी गई जानकारी, 12 मुद्दों पर हुई विस्तार से चर्चा।

पालक-शिक्षक मेगा बैठक : राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 की दी गई जानकारी, 12 मुद्दों पर हुई विस्तार से चर्चा।
कोयलीबेड़ा। छत्तीसगढ़ शासन स्कूल शिक्षा विभाग के मार्गदर्शन में बच्चों के शारीरिक-मानसिक और सर्वांगीण विकास के लिए कोयलीबेड़ा क्षेत्र के समस्त बारह संकुलों में संकुल स्तरिय पालक-शिक्षक मेगा बैठक का आयोजन कोयलीबेड़ा हायर सेकेण्डरी स्कूल, हाई स्कूल उदनपुर, हाई स्कूल कोड़ोसालेभाट , हाई स्कूल बढ़पारा, हाई स्कूल कड़में , हाई स्कूल सिकसोड़, हाई स्कूल चारगांव में किया गया। ईन बैठको में विद्यालय और पालकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने, बच्चों की सम्पूर्ण गतिविधियों से पालकों को अवगत कराने, बच्चों में पढ़ाई के प्रति सकारात्मक वातावरण बनाने, बच्चों को परीक्षा के तनाव से मुक्त कराने, राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप पालकों की भूमिका सुनिश्चित करने जैसे विषयों पर चर्चा की गई।
राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के तहत बच्चों को गुणवत्तायुक्त शिक्षा और संस्कार देने के लिए निजी स्कूलों की तर्ज पर सरकारी स्कूलों में भी शिक्षक-पालक मीटिंग का आयोजन किया गया। इस मीटिंग में बच्चों के साथ पालकों ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। इस दौरान पालकों ने अपनी समस्या और सुझाव शिक्षकों को बताया। शिक्षकों ने भी बताया कि, मोबाइल ऐप के जरिए घर बैठे बच्चों को कैसे पढ़ा सकते हैं।
शिक्षा विभाग द्वारा निर्धारित 12 मुद्दों पर हुई चर्चा।
इस मेगा बैठक में स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा निर्धारित 12 मुद्दों स्वास्थ्य परीक्षण और पोषण की जानकारी, जाति/आय/ निवास प्रमाण पत्र, न्योता भोज, विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं/छात्रवृत्ति और विभागीय योजनाओं की जानकारी पर चर्चा की। विभिन्न डिजिटल प्लेटफार्म के जरिए विभाग के अलग-अलग योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई। बच्चों की पढ़ाई में होने वाली समस्याओं पर चर्चा कर पालकों के सहयोग और राय से समाधान पर चर्चा हुई। शिक्षकों ने कहा कि, हम आपस में मिलकर बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए योजना बनाएंगे।
कार्यक्रम की जानकारी देते हुए सहायक खण्ड शिक्षा अधिकारी अशोक टांडिया ने बताया कि आज के इस मेगा बैठक का उद्देश्य नवीन शिक्षा नीति 2020 के बच्चों में सम्पूर्ण विकास पर केंद्रित रहा इसके तहत पालक शिक्षक मेगा बैठक के माध्यम से महत्वपूर्ण 12 बिंदु जिसके अंतर्गत मेरा कोना, छात्र दिनचर्या , बच्चे ने आज क्या सीखा, बच्चा बोलेगा बेझिझक, बच्चों की अकादमिक प्रगति एवं परीक्षा पर चर्चा, पुस्तक की उपलब्धता सुनिश्चित करना, बस्ता रहित शनिवार, विद्यार्थियों के आयु/कक्षा अनुरूप स्वास्थ्य परीक्षण एवं पोषण की जानकारी, जाति-आय निवास प्रमाण पत्र, न्योता भोज, विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं/छात्रवृत्ति एवं विभागीय योजनाओं की जानकारी पर चर्चा, विभिन्न डिजिटल प्लेटफार्म के माध्यम से शिक्षा हेतु पालकों एवं छात्रों को अवगत कराना जैसे बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई और आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए ’’पालक शिक्षक मेगा बैठक’’ शत प्रतिशत सफल रही। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को सरस्वती सायकल योजनांतर्गत सायकिल का भी वितरण किया गया,साथ ही पौधरोपण भी किया गया।
कार्यक्रम के दौरान समस्त संकुल प्राचार्य, संकुल समन्वयक, सम्बंधित स्कूलों के शिक्षकगण व पालकों की उपस्थिति रही।



