कोयलीबेड़ा स्कूल के बच्चों द्वारा इन्टर्नशिप पूर्णता पर मिली प्रमाण पत्र व प्रोत्साहन राशि।

इन्टर्नशिप पूर्णता पर मिली प्रमाण पत्र व प्रोत्साहन राशि।

कोयलीबेड़ा। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कोयलीबेड़ा के कक्षा 11वीं, 12वीं के आटोमोबाइल और कृषि के छात्रों ने अपना इंटर्नशिप पूरा कर लिया है। छात्रों को प्राचार्य जीआर गढ़िया ने इंटर्नशिप प्रमाणपत्र और प्रोत्साहन राशि देकर सम्मानित किया। आटोमोबाइल व कृषि के 97 छात्रों को प्रोत्साहन राशि उनके खातों में अंतरित कर दी गई। इस दौरान छात्रों ने अतिथियों के समक्ष अपना अनुभव भी साझा किया।
इस अवसर पर संस्था के प्रभारी प्राचार्य जीआर गढ़िया ने छात्रों का मार्गदर्शन करते हुए शिक्षा में व्यवसायिक शिक्षा के प्रशिक्षण के महत्व को बताया। शाला में संचालित आटोमोबाइल विषय के संबंध में छात्रों को स्वरोजगार की असीम सम्भावना होने की जानकारी दी। कृषि के छात्रों को कृषि को जीवन का आधार बताया। और नित नए तकनीक से इस क्षेत्र में भी बेहतर कार्य किया जा सकता है इसकी संभावना बताई।
*छात्रों को दी गई व्यावसायिक पाठ्यक्रम में रोजगार की जानकारी*
इस दौरान व्यवसायिक प्रशिक्षक आटोमोबाइल शिवकुमार पटेल और व्यावसायिक प्रशिक्षक कृषि भरत कुमार साहू ने शाला में संचालित व्यावसायिक शिक्षा के प्रशिक्षण और छात्रों को रोजगार की जानकारी दी। शिव कुमार पटेल ने बताया कि कोयलीबेड़ा हायर सेकेंडरी स्कूल में सन 2018 से व्यावसायिक पाठ्यक्रम के तहत ऑटोमोबाइल व कृषि का कोर्स सन्चालित है इसमें 9 वीं से 12 वी तक के बच्चों को शिक्षा दी जा रही है और इसमें साल दर साल बच्चों की रुचि भी लगातार बढ़ती ही जा रही है क्योंकि पढ़ाई के साथ ही साथ रोजगार की शिक्षा भी मिल रही है। इस वर्ष आटोमोबाइल के लिए कक्षा 11 वी से 37 व 12 वी कक्षा से 10 छात्रों ने इन्टर्नशिप पूरा किया है। वहीं कृषि आधारित पाठ्यक्रम में 11 वी से 39 व 12 वी से 11 छात्रों ने इन्टर्नशिप पूर्ण किया है।
*इंटर्नशिप में सीखे आटोमोबाइल और कृषि के गुण*
इंटर्नशिप के दौरान आटोमोबाइल के छात्रों ने आटोमोबाइल से सम्बंधित विभिन्न सुधार कार्यों को बड़ी ही बारीकी के साथ सीखा जिसमे वाहनों की कलपुर्जे ठीक करने से लेकर वाहनों की बाहरी साज सज्जा व अन्य सजावटी समान लगाने का प्रशिक्षण लिया। व्यावसायिक भ्रमण के तहत आद्योगिक प्राशिक्षण केंद्र अन्तागढ़ भी गए जहां महत्वपूर्ण जानकारियां हासिल की। वहीं कृषि के छात्रों ने नर्सरी में आधुनिक तकनीक से फलदार, फूल दार पौधे बनाने का प्रशिक्षण लिया, खाद्यों का बेहतर प्रबंधन व कृषि की अन्य बारीकियों की सीख ली।
*योजना के तहत चयनित छात्रों को दिया जाता है व्यावसायिक प्रशिक्षण*
कोयलीबेड़ा स्कूल में व्यावसायिक शिक्षा योजना के तहत कक्षा 9वीं से 12वीं के चयनित छात्रों को आटोमोबाइल और कृषि विषय में प्रशिक्षण दिया जाता है। भविष्य में संबंधित विषय में रोजगार के उद्देश्य से कक्षा 11वीं, 12वीं के छात्रों को इंटर्नशिप भी करवाया जाता है। इसके लिए प्रमाणपत्र सहित प्रोत्साहन राशि भी छात्रों को दी जाती है।
इंटर्नशिप प्रमाणपत्र और प्रोत्साहन राशि वितरण के दौरान विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य जीआर गढ़िया, संकुल समन्वयक जयंत शांडिल्य, व्यवसायिक प्रशिक्षक आटोमोबाइल शिवकुमार पटेल, व्यावसायिक प्रशिक्षक कृषि भरत कुमार साहू, सन्तोष देहारी व अन्य शिक्षकगण मौजूद रहे।



