नक्सल घटनाओं के बीच शाह की कल बड़ी बैठक: बस्तर और राजनांदगांव रेंज के कलेक्टर-एसपी के साथ कमिश्नर व आईजी होंगे शामिल, केंद्रीय गृह सचिव भी रहेंगे मौजूद।

नक्सल घटनाओं के बीच शाह की कल बड़ी बैठक: बस्तर और राजनांदगांव रेंज के कलेक्टर-एसपी के साथ कमिश्नर व आईजी होंगे शामिल, केंद्रीय गृह सचिव भी रहेंगे मौजूद।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह कल रायपुर आ रहे हैं। यहां वे राज्य के नक्सल प्रभावित जिलों के कलेक्टर और एसपी की बैठक लेंगे। शाह नक्सल विरोधी अभियान की समीक्षा करेंगे।
रायपुर।
छत्तीसगढ़ में सत्ता परिवर्तन के बाद नक्सली घटनाओं में तेजी आ गई है। 03 दिसंबर के बाद से अब तक दर्जनभर से ज्यादा मुठभेड़ की घटनाएं हो चुकी है। इससे राज्य और केंद्र सरकार की चिंता बढ़ गई है। इसे देखते हुए कल प्रदेश के दौरे पर आ रहे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह राज्य में नक्सल विरोधी अभियान की समीक्षा करेंगे। शाह की बैठक के लिए बस्तर और राजनांदगांव रेंज के सभी कलेक्टर और एसपी के साथ संभाग कमिश्नर और रेंज आईजी को पूरी तैयारी के साथ रायपुर बुलाया गया है। केंद्रीय गृह सचिव अजय कुमार भल्ला भी इस बैठक में शामिल होंगे।
केंद्रीय गृह मंत्री कल दोपहर में रायपुर आएंगे। यहां वे छत्तीसगढ़ के नवनिर्वाचित विधायकों के प्रबोधन कार्यक्रम में शामिल होने आ रहे हैं। शाह दोपहर करीब 2 बजे रायपुर पहुंचेंगे और दोपहर 4 बजे के बाद विधायकों को संबोधित करेंगे। इससे पहले वे नक्सल विरोधी अभियान की समीक्षा करेंगे। यह बैठक विधानसभा में ही होगी। बैठक में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, डिप्टी सीएम और गृह मंत्री विजय शर्मा, मुख्य सचिव अमिताभ जैन, डीजीपी अशोक जुनेजा, एसीएस होम मनोज कुमार पिंगुआ, एसआईबी चीफ विवेकानंद, खुफिया विभाग के चीफ अमित कुमार, बस्तर और दुर्ग संभाग के कमिश्नर, बस्तर और दुर्ग रेंज के आईजी, कलेक्टर और एसपी के साथ ही छत्तीसगढ़ में तैनात केंद्रीय अर्द्ध सैनिक बलों के अफसर भी शामिल होंगे।



