छत्तीसगढ़छत्तीसगढ़/मध्यप्रदेशटेक्नोलॉजीशिक्षा

राष्ट्रीय-सह-साधन प्रावीण्य छात्रवृत्ति परीक्षा में जिले के 356 छात्र चयनित।

राज्य में कांकेर जिला प्रथम स्थान पर।

*राष्ट्रीय-सह-साधन प्रावीण्य छात्रवृत्ति परीक्षा में जिले के 356 छात्र चयनित*
*राज्य में कांकेर जिला प्रथम स्थान पर*
*सर्वाधिक विद्यार्थी दुर्गूकोंदल ब्लॉक से चयनित*

उत्तर बस्तर कांकेर, 20 मई 2025/ जिले में आयोजित राष्ट्रीय-सह-साधन प्रावीण्य परीक्षा में जिले के 356 छात्र चयनित हुए हैं जो छत्तीसगढ़ में सर्वाधिक संख्या है। कलेक्टर श्री निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर के मार्गदर्शन में जिले में संचालित हमर लक्ष्य कार्यक्रम में गति लाने हेतु एनएमएमएससी परीक्षा हेतु कार्ययोजना तैयार कर प्रत्येक शासकीय विद्यालयों में विभाग द्वारा छात्रों को अभ्यास कराया गया। जिला शिक्षा अधिकारी श्री अशोक पटेल ने जानकारी दी है कि शैक्षणिक सत्र 2024-25 में भारत सरकार द्वारा आयोजित एनएमएमएससी परीक्षा में जिले ने राज्य में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। उन्होंने बताया कि प्रतियोगी परीक्षा हेतु सूक्ष्म कार्ययोजना तैयार कर प्रत्येक पूर्व माध्यमिक विद्यालयों के प्रधान पाठकों एवं कार्यरत शिक्षकों द्वारा परीक्षा के महत्व को बताया गया।
इसके अलावा छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति परीक्षा हेतु प्रेरित किया गया। परीक्षा में चयनित छात्रों को कक्षा 09वीं से 12वीं तक प्रत्येक माह एक हजार रूपए की छात्रवृत्ति शासन द्वारा प्रदाय की जाती है। जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि जिले में पहली बार 5226 छात्रों से फार्म भराया गया था, 14 परीक्षा केन्द्र स्थापित कर सभी विकासखंड मुख्यालयों में परीक्षा केन्द्र स्थापित किए गए थे, जिनमें 5165 छात्र परीक्षा में सम्मिलित हुए तथा 2919 छात्र उत्तीर्ण हुए उत्तीर्ण छात्रों में से 356 का चयन छात्रवृत्ति हेतु हुआ है। सत्र 2024-25 में चयनित छात्रों में विकासखंड अंतागढ़ से 13 छात्र भानुप्रतापपुर से 44 छात्र, चारामा से 38 छात्र, दुर्गूकोंदल 143 छात्र, कांकेर 20 छात्र, कोयलीबेड़ा 60 छात्र, नरहरपुर 38 छात्र कुल 356 छात्र चयनित हुए हैं। चयनित छात्र-छात्राएँ लगभग आदिवासी संवर्ग के हैं पहली बार दुर्गूकोंदल, कोयलीबेड़ा एवं अंतागढ़, भानुप्रतापपुर जैसे सुदूर दुर्गम क्षेत्र के बच्चों की इस उपलब्धि ने नया इतिहास रचा है।.
एनएमएमएससी परीक्षा में चयनित छात्रों को कलेक्टर श्री निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर एवं सीईओ जिला पंचायत हरेश मंडावी, प्रभारी डीएमसी रवि मिश्रा ने सभी चयनित छात्र छात्राओं को तथा उन्हें परीक्षा हेतु सतत् परिश्रम और मार्गदर्शन देने वाले शिक्षकों एवं पालकों को शुभकामनाएं दीं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button