राष्ट्रीय साधन-सह-प्रावीण्य छात्रवृत्ति परीक्षा के आवेदन 23 अक्टूबर तक
*राष्ट्रीय साधन-सह-प्रावीण्य छात्रवृत्ति परीक्षा के आवेदन 23 अक्टूबर तक*
*कक्षा 8वीं के विद्यार्थियों के लिए छात्रवृत्ति का अवसर, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के विद्यार्थी कर सकेंगे आवेदन*
कोयलीबेड़ा , 9 अक्टूबर 2026। भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय, स्कूल शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, नई दिल्ली द्वारा संचालित राष्ट्रीय साधन-सह-प्रावीण्य छात्रवृत्ति योजना के अंतर्गत छत्तीसगढ़ राज्य के कक्षा 8वीं में अध्ययनरत आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति प्रदान की जाती है। सत्र 2026-27 के लिए राष्ट्रीय साधन-सह-प्रावीण्य छात्रवृत्ति परीक्षा में शामिल होने के लिए निःशुल्क ऑनलाइन एवं ऑफलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। विद्यार्थियों को अपना आवेदन 23 अक्टूबर 2026 तक संबंधित संस्था में जमा करना होगा।
शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय दुर्गूकोदल के संकुल प्राचार्य अजय नेताम ने बताया कि योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए निर्धारित पात्रता पूरी करना आवश्यक है। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा संचालित शासकीय विद्यालय, शासकीय अनुदान प्राप्त विद्यालय तथा स्थानीय निकाय के विद्यालयों में सत्र 2026-27 में कक्षा 8वीं में अध्ययनरत विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हो सकते हैं।
परीक्षा के लिए विद्यार्थी का पिछली कक्षा अर्थात कक्षा 7वीं में न्यूनतम 55 प्रतिशत अंक के साथ उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के विद्यार्थियों को निर्धारित अंकों में 5 प्रतिशत की छूट दी जाएगी। इसके अलावा विद्यार्थी के माता-पिता अथवा पालक की सभी स्रोतों से वार्षिक आय 3 लाख 50 हजार रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए।
*छत्तीसगढ़ के लिए 2246 छात्रवृत्ति का कोटा*
राष्ट्रीय साधन-सह-प्रावीण्य छात्रवृत्ति योजना के अंतर्गत भारत सरकार द्वारा छत्तीसगढ़ राज्य के लिए कुल 2246 छात्रवृत्तियों का कोटा निर्धारित किया गया है। जिलेवार एवं आरक्षित वर्गों से संबंधित वर्गवार जानकारी शासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार उपलब्ध है। जाति प्रमाण पत्र का आवेदन पंजीयन नंबर (एआरएन) लिखना अनिवार्य होगा। एआरएन उपलब्ध नहीं होने की स्थिति में विद्यार्थी को संबंधित जाति वर्ग के आरक्षण का लाभ नहीं मिल सकेगा और उसे सामान्य वर्ग की श्रेणी में माना जाएगा। इस संबंध में बाद में किसी प्रकार की दावा-आपत्ति मान्य नहीं होगी।
*इन विद्यालयों के विद्यार्थी पात्र नहीं*
केंद्रीय विद्यालय, जवाहर नवोदय विद्यालय, अशासकीय विद्यालय तथा आवासीय विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थी इस परीक्षा के लिए पात्र नहीं होंगे। आवासीय विद्यालय से आशय ऐसे विद्यालय से है, जहां विद्यार्थियों के लिए विद्यालय परिसर में शासन की ओर से आवास एवं भोजन की व्यवस्था उपलब्ध कराई जाती है।
*कक्षा 9वीं से 12वीं तक मिलेगी छात्रवृत्ति*
राष्ट्रीय साधन-सह-प्रावीण्य छात्रवृत्ति परीक्षा में चयनित विद्यार्थियों को कक्षा 9वीं से कक्षा 12वीं तक प्रति माह 1000 रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी। इस प्रकार पात्र एवं चयनित विद्यार्थियों को अपनी आगे की पढ़ाई के दौरान आर्थिक सहायता प्राप्त होगी। एक विद्यार्थी को छात्रवृत्ति की पात्रता के नियमानुसार केवल एक प्रकार की छात्रवृत्ति ही देय होगी और यही नियम इस योजना पर भी प्रभावी रहेगा।
*आवेदन के साथ दस्तावेज लगाना अनिवार्य*
विद्यार्थियों को निर्धारित आवेदन पत्र 23 अक्टूबर 2026 तक संबंधित संस्था में जमा करना होगा। आवेदन के साथ आय प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, पिछली कक्षा की अंकसूची तथा आधार कार्ड की छायाप्रति संलग्न करना अनिवार्य है। विद्यार्थियों और अभिभावकों से अपील की गई है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार न करते हुए समय पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन जमा करें, ताकि पात्र विद्यार्थियों को परीक्षा में शामिल होने का अवसर मिल सके।



